अपहरण कर युवक के गले में लगा दिया फंदा
मृतक के ससुर समेत चार लोगों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज
दो आरोपियों को पुलिस ने हिरासत में लेकर शुरू की पूछताछ
अमर उजाला ब्यूरो
शाहजहांपुर/मदनापुर। क्षेत्र के गांव आमखेड़ा सिकंदरपुर कलां में शनिवार रात 11 बजे संदिग्ध हालात में युवक का शव पेड़ पर फंदे से लटका मिला। भाई ने मृतक के ससुर समेत चार लोगों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया है।
क्षेत्र के गांव आमखेड़ा सिकंदरपुर निवासी फूल सिंह के 35 वर्षीय बेटे जगपाल सिंह का अपनी पत्नी झगड़ा हो गया था। इससे नाराज होकर वह दो मासूम बच्चों सात वर्षीय पूनम और पांच वर्षीय राजा को लेकर तीन साल पहले अपने मायके बिरिया फत्तेपुर में पिता प्रताप सिंह के पास चली गई। इसके बाद वह कई बार पत्नी को बुलाने गया। पंचायत भी हुई लेकिन न तो पत्नी साथ आने को राजी हुई और न ही उसके परिवार वालों ने उसे जगपाल के साथ भेजा। इससे वह परेशान रहने लगा। बताते हैं कि लगभग एक साल पहले पत्नी ममता उर्फ बटुआ का उसके मायके वालों ने चचोरा गांव निवासी देवेंद्र के साथ धरौना कर दिया। पंद्रह दिन पहले वह चचोरा गांव पत्नी से मिलने पहुंचा। आरोप है कि यहां उसकी पिटाई की गई। मामला थाने तक आया लेकिन पुलिस ने बिना किसी कार्रवाई के दोनों पक्षों को लौटा दिया। शनिवार रात 11 बजे उसका शव गांव के बाहर कटहल के पेड़ पर लटका मिला। गले में रस्सी से फंदा कसा था। भाई संजीव सिंह ने जगपाल की हत्या का आरोप लगाया। पुलिस को दी गई तहरीर में उसने बताया कि बिरिया फत्तेपुर निवासी प्रताप सिंह, चचोरा निवासी देवेंद्र, राजकुमार, धनपाल असलाह लेकर आए और जगपाल को उठा ले गए। संजीव ने बताया कि उसे बंधक बना लिया और गले में फंदा लगाकर पेड़ पर भाई को लटका दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया। घटना के बाद से उसके परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
------------
सीओ ने किया मौका मुआयना, फोरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
हत्या का आरोप लगाए जाने पर पुलिस ने गहराई से जांच पड़ताल शुरू कर दी। सीओ सदर बल्देव सिंह खनेड़ा ने फोरेंसिक टीम के साथ रात में ही मौका मुआयना किया और फिर सोमवार सुबह भी मौके पर पहुंचकर जांच की और घटना के संबंध में गांव के लोगों व परिवार वालों से जानकारी की। फोरेंसिक टीम ने मौके से फिंगर प्रिंट लेकर साक्ष्य जुटाए।
-------
मृतक के परिजनों की कहानी में फंसा पेंच
मृतक के परिजनों के मुताबिक आरोपी घर में असलाह लेकर दाखिल हुए। परिवार के लोगों को बंधक बना लिया और जगपाल को घर से जबरन उठा ले गए फिर फंदे पर लटका दिया। यह कहानी पुलिस को हजम नहीं हो रही है। पुलिस का मानना है कि जो लोग असलाह लेकर आएंगे, वह असलाह से ही घटना को अंजाम देंगे। फंदा लगाने जैसा जोखिम क्यों उठाएंगे।
--------
मृतक के भाई की तहरीर पर हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है लेकिन घटना संदिग्ध लग रही है। लिहाजा गहराई से जांच की जा रही है। जल्द ही घटना का पटाक्षेप कर दिया जाएगा।
बल्देव सिंह खनेड़ा, सीओ सदर