नहाते समय तालाब में डूबकर छात्र की मौत
चार बहनों में इकलौता भाई था शाजेव, परिजनों का हाल बेहाल
मोहल्ले के बच्चों के साथ पीली तालाब में नहाने चला गया था किशोर
अमर उजाला ब्यूरो
कांट(शाहजाहंपुर)। कस्बे के मोहल्ला सैयदबाड़ा निवासी आफाक के बेटे 16 वर्षीय शाजेव की पीली तालाब में डूबकर मौत हो गई। परिवार के लोगों ने शव का पोस्टमार्टम नहीं कराया है। चार बहनों में इकलौते बेटे की मौत पर घर वालों का रो-रोकर बुरा हाल है। वह कक्षा आठ में पढ़ता था।
मोहल्ला निवासी शाजेव शनिवार शाम चार बजे मोहल्ले के बच्चों के साथ कस्बे से दूर पीली तालाब में नहाने चला गया। साथी बच्चे तैरना जानते थे, जबकि उसे तैरना नहीं आता था। नहाते समय वह गहरे पानी में चला गया और उसमें डूब गया। साथी बच्चों ने शोर मचाया तो आसपास खेतों में काम कर रहे लोग आ गए और तालाब के किनारे भीड़ लग गई। रोते-बिलखते परिवार के लोग भी पहुंच गए। तुरंत गोताखोरों को बुलाया गया और उसकी तलाश शुरू कर दी गई। लगभग तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद गोताखोरों ने उसे गहरे पानी में नीचे से ढूंढ निकाला। शव बाहर आते ही मां शबनम फातिमा बेहोश हो गई। बहनों का भी रो-रोकर बुरा हाल हो रहा था। लोग समझाने की कोशिश कर रहे थे लेकिन उनके आंसू थमने का नाम नहीं ले रहे थे। परिवार के लोगों ने शव का पोस्टमार्टम कराए जाने से इंकार कर दिया, इसलिए उसका शव दफन कर दिया गया। चार बहनों के बीच इकलौते शाजेव की मौत से परिवार गहरे सदमे में है। वहीं मोहल्ले में भी सन्नाटा पसरा हुआ है।