स्वदेशी विचारधारा से ही राष्ट्र की समृद्धि संभव: कृष्णा राज
स्वदेशी जागरण मंच का तीन दिवसीय राष्ट्रीय विचार वर्ग शुरू
अमर उजाला ब्यूरो
फोटो-07,08
शाहजहांपुर। स्वदेशी जागरण मंच के तीन दिवसीय राष्ट्रीय विचार कार्यशाला का शुभारंभ केंद्रीय कृषि राज्यमंत्री कृष्णाराज ने रविवार को आर्य महिला महाविद्यालय में किया। उन्होंने कहा कि देश की समृद्धि के लिए लोगों में स्वदेशी की भावना जाग्रत करना जरूरी है। स्वदेशी जागरण मंच इसमें महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। कहा कि उनके मंत्रालय का यह प्रयास है कि बिना रासायनिक खाद के स्वदेशी तकनीक से खेती करने को बढ़ावा मिल सके।
स्वदेशी जागरण मंच के राष्ट्रीय संयोजक अरुण ओझा ने उद्घाटन समारोह में कहा कि अमेरिका वैश्वीकरण का बड़ा पक्षधर रहा है। अमेरिका पूरे विश्व को बाजार मानकर अपनी नीतियां बना रहा है। उन्होंने स्वदेशी पर जोर देते हुए कि अगर हम सब संकल्प ले तो अगले पांच से सात साल में चीन की अर्थव्यवस्था ध्वस्त हो जाएगी। भारत का घरेलू बाजार स्वयं में विश्व का बाजार है। हमें अपने घरेलू बाजार पर ध्यान देना चाहिए। निर्यात आधारित विकास का मॉडल चल नहीं पायेगा। इससे पूर्व मुख्य अतिथियों ने दीप जलाकर कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। छात्राओं ने स्वागत गीत प्रस्तुत किया। अतिथियों का स्वागत प्रांत सह-संयोजक डॉ. अमितेष अमित, गायत्री दीक्षित, जिला सह-संयोजक राज भूषण जौहरी, पंकज टंडन, नारायण मिश्र ने किया। महाविद्यालय की छात्राओं ने स्वागत गीत प्रस्तुत किया। उत्तर प्रदेश/ उत्तराखंड के सह क्षेत्र संयोजक और वर्ग प्रमख डॉ. राजीव कुमार ने विचार वर्ग पर प्रकाश डाला। इस मौके पर संतोष कुमार दीक्षित, रामनरेश बाजपेयी, चंद्रकांता सिंह, मंजू अग्निहोत्री, अरविंद वर्मा, राधारमन मिश्र, धर्मपाल, नरेंद्र सक्सेना आदि रहे।