बच्चे में संभावित डेंगू, हालत गंभीर
पांच दिन पहले आया था बुखार, मुंह और नाक से आ रहा खून
फोटो-29
अमर उजाला ब्यूरो
शाहजहांपुर।
पांच दिन से बुखार से पीड़ित दस वर्षीय बालक को डेंगू होने की संभावना जतायी जा रही है। उसे जिला अस्पताल के डेंगू वार्ड में रखा गया है।
पुवायां क्षेत्र के गांव आनंदपुर पिपरी निवासी रमेश राठौर के दस वर्षीय बेटे अमन को पांच दिन पहले ठंड लगकर बुखार आया था। उसे मेडिकल स्टोर से दवा दिलवा दी गई। बुखार का असर कम हो गया, लेकिन सोमवार को उसकी हालत फिर अचानक बिगड़ गई। उसे दोपहर 12 बजे शहर के एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया। शाम तक उसकी हालत में सुधार हो गया। घरवालों ने डॉक्टर सलाह पर उसे हल्का खाना भी दिया लेकिन मंगलवार तड़के लगभग पांच बजे उसकी हालत बिगड़ने लगी। नाक और मुंह से खून आने लगा। रमेश ने बताया कि छींक आने पर मुंह से खून को छोटा सा थक्का निकला। इसके बाद उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। स्वाइन फ्लू के मरीज को देखने पहुंची मलेरिया और आईडीएसपी टीम के सदस्यों ने अमन का हाल जाना। उसे संभावित डेंगू बताया गया है। इसलिए उसे डेंगू वार्ड में रखा गया है। जांच के लिए ब्लड का सैंपल लिया गया है।
00
नहीं थम रहा बुखार का कहर, सेहत महकमा लाचार
ओपीडी से लेकर ट्रामा सेंटर तक हर कोई बुखार से पीड़ित
इमरजेंसी और जनरल वार्ड में डलवाए गए अतिरिक्त बेड
फोटो-30,31 अमर उजाला ब्यूरो
शाहजहांपुर।
जिले में करीब एक माह से फैले बुखार का प्रकोप कम नहीं रहा है। मरीजों की बढ़ रही संख्या के आगे स्वास्थ्य सेवाएं नाकाफी नजर आ रही हैं। ओपीडी में बनने वालों पर्चों में ज्यादातर बुखार के ही मरीज हैं। यही हाल ट्रामा सेंटर में भी हैं। मरीजों की संख्या को देखते हुए इमरजेंसी व जनरल वार्ड में अतिरिक्त बेड डलवाए गए हैं।
जलालाबाद क्षेत्र के गांव मनोरथपुर सहसोबारी में एक सप्ताह के अंदर सात बच्चों की मौत के साथ ही बुुखार ने इस कदर लोगों को जकड़ना शुरू कर दिया कि दवा खाने के बाद भी उसका असर कम नहीं हो पा रहा है। दवा बेअसर होते ही बुखार बढ़ने को डॉक्टर भले ही सामान्य बता रहे हैं लेकिन वह खुद अचंभित हैं कि आखिर बुखार का असर कम क्यों नहीं हो रहा है। बुखार से पीड़ित निगोही क्षेत्र के गांव घुसगवां निवासी राजकुमार की नौ वर्षीय बेटी संध्या को तीन दिन से बुखार आ रहा है। प्राइवेट इलाज से जब फायदा नहीं हुआ, तब परिजन उसे लेकर जिला अस्पताल पहुंचे। इसी तरह से थाना सेहरामऊ दक्षिणी क्षेत्र के गांव देवकली निवासी हरिशचंद्र की 13 वर्षीय बेटी देववती, सदर क्षेत्र के मोहल्ला जलालनगर निवासी रामपाल का 18 वर्षीय पुत्र रामू, जलालाबाद निवासी 40 वर्षीय हनीफ, अल्हागंज क्षेत्र के गांव चौरा खुर्द निवासी 60 वर्षीय प्रहलाद आदि बुखार से पीड़ित हैं। ट्रामा सेंटर में सोमवार रात 12 बजे से लेकर मंगलवार 2.15 बजे तक 48 मरीज भर्ती किए जा चुके थे। इनमें ज्यादातर बुखार से पीड़ित थे, वहीं ओपीडी में बनने वाले पर्चों की संख्या भी बढ़ गई है।
000
जिला अस्पताल जो भी मरीज आ रहा है, उसका सही तरह से इलाज किया जा रहा है। बेड अतिरिक्त डलवा दिए गए हैं।
डॉ. केशव स्वामी, सीएमएस
000
बुखार से एक और बालक की मौत
जैतीपुर। गढ़िया रंगीन के गांव बरी प्रसिद्धपुर में बुखार से एक बच्चे की मौत हो गई। जबकि दस बच्चों की हालत गंभीर है।
गांव के नरसिंह के 12 वर्षीय पुत्र मोहित की सोमवार को अचानक हालत बिगड़ गई। परिवारवाले उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां डॉक्टर ने हालत गंभीर देख उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। रात करीब एक बजे इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। जबकि नरसिंह की आठ वर्षीय पुत्री काजल को तेज बुखार होने पर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। उधर, बीमारी की सूचना पर डॉक्टरों की टीम गांव पहुंची। उसने बच्चों का हाल जाना। डॉ. मोहम्मद यूसुफ ने बताया कि काजल को तेज बुखार होने पर उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया है। बाकी नौ बच्चों की हालत सामान्य है उन्हें दवा दे दी गई है। डॉक्टरों की टीम गांव के बीमार बच्चों की देखभाल कर रही ।