फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

रोजगार सेवकों ने धरना देकर मांगा लंबित मानदेय

विज्ञापन
विज्ञापन
शाहजहांपुर। गत 17 माह से लंबित मानदेय का भुगतान न किए जाने और अन्य कई समस्याओं को लेकर जिले के रोजगार सेवकों ने मंगलवार को खिरनीबाग के जीआईसी ग्राउंड पर धरना देकर सभा की। उन्होंने वहां से रैली निकालकर टाउनहॉल में शहीद प्रतिमाओं पर माल्यार्पण किया। बाद में कलक्ट्रेट जाकर उनका शिष्टमंडल एसडीएम सदर रामजी मिश्रा से मिला और उन्हें मुख्यमंत्री के नाम का ज्ञापन दिया। धरना स्थल पर सभा को संबोधित करते हुए ग्राम रोजगार सेवक वेलफेयर एसोसिएशन के मंडलाध्यक्ष/जिला प्रभारी ललितेश शास्त्री ने कहा कि अंग्रेजों के जमाने में भी इतना अत्याचार नहीं होता था, जितना आजाद भारत में सरकारों द्वारा संविदा कर्मचारियों से किया जा रहा है। उन्हाेंने कहा कि ब्लॉकों में तालाबंदी के बावजूद सरकार के कानों पर जूं नहीं रेंगी। इसलिए जल्द समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो रोजगार सेवक 12 सितंबर से लखनऊ में धरना-प्रदर्शन शुरू कर देंगे। संघर्ष समिति के जिला संयोजक पिंटू यादव ने कहा कि 17 माह से मानदेय का भुगतान न मिलने से रोजगार सेवकों के परिवार आर्थिक तंगहाली में पिसने को मजबूर हैं। मनोज वर्मा ने रोजगार सेवकों को अधिकार पत्र जारी न किए जाने पर रोष व्यक्त किया। वहीं कुलदीप सागर ने प्रधानमंत्री आवासों की जियो टैगिंग कराए जाने की मांग की। महिला मोर्चा की संयोजक पूजा सिंह, फूल श्री, सोनम देवी, सुमनलता आदि ने ग्राम प्रधानों पर दबंगई दिखाने का आरोप लगाते हुए कहा कि उन्हें महिला कर्मचारी समझकर गांवों में काम करने से रोका जा रहा है। सभा के बाद रोजगार सेवकों का समूह नारेबाजी करते हुए रैली के रूप में टाउनहॉल की शहीद प्रतिमाओं के पास पहुंचा। शहीदों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण करने के बाद रैली कलक्ट्रेट पहुंची और वहां एसडीएम को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सहित नौ सूत्री मांग पत्र दिया। धरना-प्रदर्शन में रवींद्र पाल, संतन पाल सिंह, अतीक खां, अनुज शुक्ला, राम निवास यादव, अंकित सिंह, विश्वदीपक त्रिपाठी, कल्पना यादव, सुधाकर त्रिपाठी आदि शामिल रहे।
विज्ञापन

विभिन्न संगठनों ने समर्थन देकर बढ़ाया हौसला
धरना सभा के दौरान शिक्षा मित्र वेलफेयर एसोसिएशन के प्रदेश प्रभारी श्याम लाल यादव, प्रधान संघ के जिलाध्यक्ष रामसनेही यादव और ग्राम पंचायत विकास समिति के जिलाध्यक्ष राजकुमार शुक्ला अन्य पदाधिकारियों और सदस्यों के साथ जीआईसी ग्राउंड पहुंचे। इन सभी ने रोजगार सेवकों की मांगों को जायज ठहराते हुए उनका हौसला बढ़ाया।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें