सेहरामऊ दक्षिणी (शाहजहांपुर)। बृहस्पतिवार की देर शाम बादशाहनगर चौराहे से कहेलिया गांव जाने वाले मार्ग पर लूटपाट करने वाले गिरोह के एक सदस्य को ग्रामीणों ने पकड़ लिया। बाद में उसे पीटकर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर मौके से भागे दो आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
गांव कहेलिया निवासी रामवीर यादव रिलायंस पावर हाउस से ड्यूटी करके बाइक से लौट रहा था। बादशाहनगर से कहेलिया रेलवे स्टेशन जाने वाले मार्ग पर स्थित रेलवे फाटक और गांव जलालपुर वेहटी के मध्य निकली नहर पुलिया के पास बृहस्पतिवार की रात करीब साढ़े आठ बजे
तीन अज्ञात लुटेरों ने उसे रोक लिया और उनकी जेब से दो सौ रुपये व मोबाइल लूट लिया। रामवीर यादव के जाने के कुछ देर बाद मौके पर पहुंचे पड़ोसी गांव दाउदपुर निवासी नरेश के 17 वर्षीय पुत्र मुनेंद्र की बाइक को भी रोक लिया । बदमाशों ने उसे व साथी रीतू की पिटाई शुरू कर दी। मौका पाकर रीतू ने वहां से भागकर मोबाइल से गांव वालों को लूट की जानकारी दे दी। सूचना पाकर निकले गांव के सैकड़ों लोग घटना स्थल की ओर लाठी डंडे लेकर दौड़ पड़े। पुलिस को सूचना देते हुए लुटेरों की घेराबंदी कर एक व्यक्ति को दौड़ाकर पकड़ लिया और जमकर पिटाई कर दी। इसी दौरान थानाध्यक्ष प्रभुकांत के साथ काफी नोकझोंक के बाद मरणासन्न हालात में लुटेरे को बाइक सहित सौंप दिया। पकड़ा गया लुटेरा पड़ोसी जनपद के थाना शाहाबाद के गांव उधरनपुर का संजीव राठौर बताया जा रहा है, जबकि मौके का फायदा उठाते हुए दो लुटेरे भागने में सफल हो गए।