शाहजहांपुर। सामाजिक संस्था लायंस क्लब सुगंध की ओर से आकांक्षा हाईस्कूल में वृहद दंत परीक्षण कैंप लगाया गया। इस अवसर पर दंत रोग विशेषज्ञों ने छात्र-छात्राओं के दांतों पर परीक्षण कर उन्हें खानपान में सावधानी बरतने की सलाह दी। साथ ही टूथपेस्ट और आवश्यकतानुसार दवाइयां भी वितरित कीं।
कैंप में डॉ. रजत अग्रवाल और डॉ. टीना अग्रवाल ने स्कूल के लगभग 250 छात्र-छात्राओं के दांतों का परीक्षण किया। इस अवसर पर चिकित्सक द्वय ने बच्चों को चाकलेट, फास्टफूड आदि से परहेज रखने की सलाह दी। साथ ही दांतों की भली प्रकार सफाई करने, खासतौर पर सोते समय दांतों की सफाई करने के लिए प्रेरित किया। चिकित्सकों ने अधिक ठंडा पानी भी पीने से बचने की सलाह दी। संस्था की अध्यक्ष रीना अग्रवाल ने आभार जताया। कैंप में ज्योति शर्मा, अमरजीत बाबा, अल्पना श्रीवास्तव, समिता सक्सेना समेत स्कूल स्टाफ का योगदान रहा। आकांक्षा स्कूल की प्रधानाचार्य स्मिता सक्सेना ने आभार जताया।