शाहजहांपुर।
जीएफ कॉलेज में चल रहे एनसीसी प्रशिक्षण शिविर में मंगलवार को विभिन्न प्रतियोगिताओं के साथ प्राकृतिक आपदाओं से बचने के लिए कैडेट्स को उपयोगी जानकारी दी गई।
ट्रेनिंग हवलदार लायक राम ने आपदा प्रबंधन की जानकारी देते हुए कैडेट्स को भूकंप, बाढ़, सूखा, गंभीर बीमारियों में सेना के कार्यों के बारे में उपयोगी टिप्स दिए। उन्होंने कहा कि आम नागरिकों को भूकंपरोधी घर बनाने चाहिए और भूकंप आने पर तत्काल शोर मचाते हुए घर या प्रतिष्ठान खाली कर देना चाहिए। इसके बाद ड्राइंग-पेंटिंग कंपटीशन कराया गया। लेफ्टिनेंट डॉ. अलका मेहरा, लेफ्टिनेंट शैलेंद्र प्रताप सिंह, मेजर एनयू खान ने सेना में ड्राइंग के महत्व के बारे में समझाया। लेफ्टिनेंट डॉ. मेहरा ने कहा कि फौज में ड्राइंग का अपना अलग ही महत्व है, इसलिए कैडेट्स को इस ओर भी ध्यान देना चाहिए।
इसी क्रम में मानचित्र और संकेत चिन्हों की उपयोगिता समझाते हुए इनका भी अभ्यास कराया गया। मानचित्र को कंपास के माध्यम से पढ़ने और समझने के बारे में प्रशिक्षित किया गया। इससे पूर्व योग प्रशिक्षक डॉ. अवधेश मणि त्रिपाठी ने कैडेट्स को योगाभ्यास कराया। कैंप कमांडेंट कर्नल शौकत अली के मार्ग दर्शन में चल रहे शिविर में मेजर अनिल मालवीय, कैप्टन रामकुमार, कैप्टन उदय राज आदि का योगदान रहा।