खुदागंज (शाहजहांपुर)। ग्राम पंचायत देवरास में प्रधानमंत्री आवास योजना में कई अपात्रों का चयन किया गया है। इस संबंध में ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से शिकायत की। डीएम ने मामले की जांच परियोजना निदेशक को सौंपी दी है।
क्षेत्र के ग्राम पंचायत देवरास निवासी रामबहादुर गुप्ता ने जिलाधिकारी को शिकायती पत्र सौंप कर आरोप लगाया है कि उनकी ग्राम पंचायत देवरास में इसी वित्तीय वर्ष में 43 प्रधानमंत्री आवास स्वीकृत हुए हैं जिसमें से अधिकतर आवास अपात्रों को आवंटित किए गए हैं जिस कारण गांव के पात्र और झुग्गी झोपड़ी में रहने वाले लोग आवास की चाहत में इधर-उधर भटक रहे हैं। रामबहादुर गुप्ता की शिकायत पर जिलाधिकारी नरेेेंद्र कुमार सिंह ने मामले को गंभीरता से लेते हुए परियोजना निदेशक जिला ग्राम्य विकास अभिकरण अजय प्रकाश को जांच सौंपी है।
ग्राम देवरास में अपात्रों को प्रधानमंत्री आवास स्वीकृत होने की कुछ लोगों के द्वारा जिलाधिकारी से शिकायत की गई है मौके पर जाकर जांच होगी। यदि अपात्र कोई चयनित हो गया है तो उसका चयन निरस्त होगा धनराशि की वसूली होगी एवं चयनित करने वालों के खिलाफ कार्रवाई होगी।
अजय प्रकाश, परियोजना निदेशक
कुछ लोग राजनैतिक द्वेषवश झूठी शिकायतें कर रहे हैं जो गलत हैं। किसी गरीब का यदि आवास स्वीकृत हो गया है उसका विरोध अच्छा नहीं है। किसी को यदि विरोध करना है तो मेरा व्यक्तिगत विरोध करे मैं उसका उत्तर दूंगी।
लक्ष्मी देवी ग्राम प्रधान देवरास
प्रधानमंत्री आवास में लाभार्थी का चयन प्रीरिओरिटी लिस्ट के अनुरूप सेक्टर प्रभारी एवं ग्राम पंचायत अधिकारी की संयुक्त जांच के बाद चयन होता है फिर भी मैं देवरास में जाकर स्वयं जांच करूंगा।
जैनिथ कांत, खंड विकास अधिकारी कटरा खुदागंज