शाहजहांपुर। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की ओर से मंगलवार को एसएस कॉलेज में छात्र सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन के माध्यम से युवाओं को शत प्रतिशत मतदान करने और नोटा निषेध रखने के लिए प्रेरित किया गया।
मुख्य अतिथि मेजबान कॉलेज प्राचार्य डॉ. अवनीश कुमार मिश्र ने कहा कि लोकतंत्र में मतदान का बहुत महत्व है। विडंबना यह है कि तमाम नागरिक अपने मताधिकार का प्रयोग नहीं करते हैं और बाद में अपने जनप्रतिनिधियों और सरकार कोसते नजर आते हैं। स्वस्थ लोकतंत्र के लिए मतदान प्रत्येक नागरिक का हक है और उसे यह दायित्व जरूर निभाना चाहिए। प्राचार्य ने कहा कि किसी भी चुनाव में सकारात्मक मतदान होना चाहिए। नकारात्मक वोटिंग देशहित में नहीं है। इसलिए युवाओं को नोटा का भी उपयोग नहीं करना चाहिए। अपना जनप्रतिनिधि और सरकार चुनने का अवसर कभी नहीं खोना चाहिए। उन्होंने युवाओं का आह्वान किया कि वह अपने मत का सदुपयोग करें।
विशिष्ट अतिथि एसएस लॉ कॉलेज प्राचार्य डॉ. संजय कुमार बरनवाल ने कहा कि हम सभी की जिम्मेदारी है कि नोटा का बहिष्कार करते हुए राष्ट्रहित में मतदान अवश्य करें। यह हमारा हक भी है। संगठन के जिला प्रमुख डॉ. अनुराग अग्रवाल के संचालन में हुए सम्मेलन में प्राचार्य डॉ. मिश्र ने सभी को मतदान करने की शपथ दिलाई और बाद में पेंटिंग प्रतियोगिता की विजेता छात्राओं को प्रशस्ति पत्र देकर पुरस्कृत भी किया। इस अवसर पर प्रदेश उपाध्यक्ष मचकेंद्र सिंह, विभाग संगठन मंत्री नीटू शर्मा, जिला संयोजक शिवम गुप्ता, धीरेंद्र सिंह, कुलदीप गुप्ता, जिला छात्रा प्रमुख प्रिया गुप्ता, अपूर्व सक्सेना, हिमांशु पांडेय, शिवम सिंह, पायल गुप्ता समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और विद्यार्थी मौजूद रहे।