शाहजहांपुर। केंद्रीय कृषि राज्यमंत्री कृष्णाराज और डीएम अमृत त्रिपाठी ने मस्तिष्क ज्वर आदि से बचाव के लिए दो अप्रैल को शुरू हो रहे विशेष टीकाकरण पखवाड़ा की सफलता व जागरूकता रैली को लेकर रविवार सुबह कलक्ट्रेट परिसर से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
इस अवसर पर उन्होंने कहा कि यह पखवाड़ा 16 अप्रैल तक चलेगा। इस पखवाडे़ में छूटे हुए बच्चों का टीकाकरण शत-प्रतिशत किया जाएगा। यह टीका जिला अस्पताल, सीएचसी, पीएचसी, आंगनबाड़ी केंद्रों पर नि:शुल्क लगाया जाएगा। उन्होंने अपील करते हुए कहा कि जिनके बच्चे एक से 15 वर्ष की आयु के है और उनके टीके नहीं लगे हैं, वे अपने बच्चों को मस्तिष्क ज्वर (दिमागी बुखार) का टीका अवश्य लगवाएं, ताकि बच्चे का जीवन सुरक्षित रहे। उन्होंने कहा कि अपने घरों में साफ-सफाई पर विशेष ध्यान दें। कहीं पर पानी इकट्ठा न होने दें। जिससे मच्छर पैदा न हो सके। सोते समय मच्छरदानी का प्रयोग करें। डीएम ने कहा कि बुखारों के नियंत्रण व रोकथाम के लिए यह अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान में आशा, एएनएम, आंगनवाडी आदि की 350 टीमें बनाई गईं है। यह टीेमें प्रतिदिन टीकाकरण करेंगी। रैली में स्कूली बच्चे, आशा, आंगनबाड़ी, एएनएम आदि नारे लगाते हुए खिरनीबाग चौराहा, जेल रोड होते हुए अंटा चौराहा से पुराने जिला अस्पताल पहुंची जहां, रैली का समापन हुआ। इस अवसर पर एडीएम (एफआर) सर्वेश कुमार, सीएमओ डॉ. आरपी रावत, बीएसए राकेश कुमार आदि शामिल रहे।