कटियाटोला में बाइकों की भिड़ंत में चली गई राहुल की जान
कोलापुल पर ट्रक की चपेट में आए बाइक सवार चाचा-भतीजे
बमरौली रोड पर अज्ञात वाहन ने बाइक सवार को मारी टक्कर
शाहजहांपुर। शहर के मोहल्ला कटियाटोला में बुधवार दोपहर बाइकों की टक्कर में शिक्षक के बेटे की मौत हो गई। वहीं सुबह कोलापुल पर ट्रक ने बाइक सवार चाचा-भतीजों को चपेट में ले लिया। इससे चाचा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि भतीजा घायल हो गया। उधर, बमरौली रोड पर करेली गांव के पास सुबह अज्ञात वाहन की टक्कर में बाइक सवार की जान चली गई। इधर, सेहरामऊ दक्षिणी क्षेत्र के गांव कहेलिया निवासी अधेड़ की मंगलवार रात अज्ञात वाहन की चपेट में आकर मौत हो गई। कलान में भी एक बाइक सवार की मंगलवार रात हादसे में जान चली गई।
थाना सदर बाजार क्षेत्र के मोहल्ला बिजलीपुरा निवासी शिक्षक विनोद बिहारी मिश्रा का 32 वर्षीय बेटा राहुल बाइक से बुधवार दोपहर 2:30 बजे कटियाटोला स्थित अपनी चचेरी बहन ज्योति के घर से निकलकर बाइक से अपने घर जा रहा था। वह कुछ दूर चल पाया कि कटिया टोला में राजा परौर हाउस के पास चौराहे पर उसकी बाइक दूसरी एसपी कॉलेज की ओर से आ रहे युवकों की बाइक से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वह उछलकर दूर जा गिरा और सड़क किनारे मकान की दीवार से उसका सिर टकरा गया। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। उसने हेलमेट नहीं पहना हुआ था।
उधर, मिर्जापुर क्षेत्र में बुधवार सुबह 10:30 बजे कोलाघाट पुल पर ट्रक से कुचलकर थाना परौर के गांव औला निवासी 60 वर्षीय जुगेंद्र सिंह की मौत हो गई, जबकि उनका भतीजा 45 वर्षीय मुन्ना सिंह घायल हो गया। उसे फर्रुखाबाद के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जुगेंद्र अपने भतीजे मुन्ना सिंह के साथ बाइक से मुकदमे की तारीख पेशी पर जलालाबाद जा रहे थे। बाइक मुन्ना सिंह चला रहे थे। बाइक जब कोलाघाट पुल पर पहुंची, तभी पीछे से आए तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी। इससे बाइक पर पीछे बैठे जुगेंद्र सिंह यादव रोड पर गिर गए और उनके सिर के ऊपर से ट्रक का पिछला पहिया उतर गया। इससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। बाइक चला रहे मुन्ना सिंह रोड पर गिरकर घायल हो गए।
वहीं निगोही क्षेत्र के गांव राघवपुर सिकंदरपुर निवासी 40 वर्षीय सतेंद्र कुमार उर्फ पप्पू की बाइक को बुधवार सुबह सात बजे पीलीभीत के थाना बिलसंडा क्षेत्र के गांव करेली बिजली उपकेंद्र के पास अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। उसे घायल अवस्था में निगोही सीएचसी लाया गया। यहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। सतेंद्र थाना बंडा के गांव भौरीखेरा स्थित ससुराल नत्थूलाल के यहां से लौट रहा था।
सेहरामऊ दक्षिणी क्षेत्र के गांव कहेलिया निवासी 55 वर्षीय श्रीकृष्ण वर्मा मंगलवार रात 7:30 बजे रोजा में पुलिया के पास अज्ञात वाहन की चपेट में आकर घायल हो गए। कुछ देर बाद उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। कलान क्षेत्र के गांव धर्मपुर निवासी सत्यदेव की बाइक को मंगलवार रात गन्ना भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली ने टक्कर मार दी। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।