शाहजहांपुर। मानदेय बढ़ाने सहित अन्य कई मांगों को लेकर आंगनबाड़ी वर्कर्स व सहायिकाओं ने शुक्रवार को 20वें दिन भी कार्य बहिष्कार जारी रखते हुए खिरनीबाग के जीआईसी ग्राउंड पर धरना दिया। इस मौके पर महिला आंगनबाड़ी कर्मचारी संघ की जिलाध्यक्ष पद्मा रस्तोगी ने हड़ताली कर्मचारियों का हौसला बढ़ाते हुए कहा कि अफसर कार्रवाई का भय दिखा रहे हैं, लेकिन उनसे गुमराह होने की जरूरत नहीं है।
संघ की पुवायां ब्लॉक इकाई की अध्यक्ष मधु गुप्ता ने कहा कि रोटी, कपड़ा और मकान जैसे मौलिक अधिकारों के लिए आंदोलन करना संवैधानिक अधिकार है। उन्होंने कहा कि अधिकारियोें को विधिवत नोटिस देने के बाद आंदोलन का रास्ता अपनाया, इसलिए कानूनी दृष्टि से नौकरी समाप्त करना जिले के अधिकारियों के लिए संभव नहीं है। धरना-प्रदर्शन में अनुपम अवस्थी, कमला गंगवार, सुमन मिश्रा, विद्यावती, अनीता कटियार, निशा सिंह, विपिन लता आदि शामिल रहीं।