पुवायां (शाहजहांपुर)। जिलाधिकारी नरेंद्र कुमार सिंह ने बृहस्पतिवार को नगर के गन्ना किसान डिग्री कॉलेज का मुआयना कर व्यवस्थाओं को परखा और आवश्यक दिशा निर्देश दिए। उन्होंने खरीदी गई कुर्सियों की गुणवत्ता ठीक नहीं पाने पर उसका भुगतान रोके जाने के निर्देश दिए।
बृहस्पतिवार दोपहर डीएम कॉलेज पहुंचे। उन्होंने कॉलेज परिसर का निरीक्षण कर घास हटवाकर भूमि को समतल कराने को कहा। कॉलेज के सामने अवैध कब्जे की जानकारी पाकर डीएम ने तहसीलदार को बृहस्पतिवार शाम तक पूरे मामले की जांच कर रिपोर्ट देने को कहा। इसके बाद डीएम ने कॉलेज के प्रवक्ताओं की बैठक ली और कहा कि प्रवक्ता अभिभावकों से संपर्क कर कॉलेज की व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी देकर बच्चों को कॉलेज में एडमीशन केे लिए प्रेरित करें।
जिलाधिकारी ने छात्र छात्राओं केे लिए हाल ही में खरीदी गई कुर्सियों का निरीक्षण कर कहा कि सभी 88 कुर्सियों की गुणवत्ता खराब है। उन्होंने मजबूत कुर्सियां लेने और खरीदी गई कुर्सियों का भुगतान रोकने के निर्देश कार्यवाहक प्राचार्या डॉ. निवेदिता बाजपेयी को दिए। निरीक्षण के दौरान नायब तहसीलदार ज्ञानेंद्र प्रताप, कार्यवाहक प्राचार्या डॉ. निवेदिता बाजपेयी, प्रवक्ता डॉ. राजू सिंह, डॉ. पूजा, डॉ. श्याम बहादुर, डॉ. गुरबचन सिंह, डॉ. मोहम्मद कामिल, डॉ. महेश कुमार और लेखपाल महेंद्र कुमार आदि मौजूद रहे।