शाहजहांपुर। होली पर्व पर शांति और कानून व्यवस्था को बनाए रखने के लिए अराजक तत्वों पर हो रही कार्रवाई के मद्देनजर सदर पुलिस ने एक माह में सात लोगों पर गुंडा एक्ट और एक पर गैंगेस्टर के तहत कार्रवाई की है। इसके साथ ही सात सौ से अधिक लोगों को मुचलकों मेें पाबंद किया है। पूरे जिले में अब तक 25 सौ लोगों को 107/116 में पाबंद किया जा चुका है। वहीं, जुलूस पर नजर रखने के लिए दो सौ स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। पांच ड्रोन कैमरों से भी जुलूस की निगरानी की जाएगी। तिरपाल से मस्जिदों को ढक दिया गया है।
जिले में बड़े लाट साहब का जुलूस कोतवाली क्षेत्र से और छोटे लाट साहब का जुलूस थाना रामचंद्र मिशन क्षत्र के सरायकाइयां से निकलता है। चूंकि इस बार सीएएस को लेकर संवेदनशीलता है। इसलिए पुलिस सुरक्षा में कोई चूक नहीं करना चाहती है। एसपी ने बीट के सिपाहियों को हिदायत दे रखी है कि वह उन लोगों पर भी नजर रखे, जो जमानत पर बाहर हैं। उनकी गतिविधियां जरा भी संदिग्ध लगे तो ऐसे लोगों पर कार्रवाई करें। अराजक तत्वों पर कार्रवाई को लेकर सदर बाजार पुलिस ने सात लोगों पर गुंडा एक्ट और एक पर गैंगेस्टर और 65 को 110 जी में व 761 लोगों को 107/116 में पाबंद किया है। जबकि 16 शस्त्र अधिनियम, 13 जुआं और 21 लोगों पर शराब तस्करी में कार्रवाई की गई है। पूरे जिले में 25 सौ लोगों को 107/116 में पाबंद किया जा चुका है। अभी और भी अराजक तत्वों पर कार्रवाई की जा रही है। उधर, मस्जिदों पर पन्नी ढक दी गईं हैं और बेरीकेटिंग के लिए गड्ढे खोदे जा रहे है।
दो प्लाटून मांगी गई रैपिड एक्शन फोर्स
एसपी डॉ. एस चन्नप्पा ने बताया कि जुलूस के दौरान शांति और कानून व्यवस्थ बनाए रखने के लिए अभी दो प्लाटून रैपिड एक्शन फोर्स और दो प्लाटून पीएसी और करीब दो हजार पुलिस बल गैर जिले से मांगा गया है। जो आवश्यकता अनुसार बढ़ाया भी जा सकता है।उन्होंने कहा कि गुंडा एक्ट की कार्रवाई वालों को जिला बदर करने की भी कार्रवाई की जाएगी।
सरौंदी बंगला से होती है लाट साहब के जुलूस की शुरूआत
बड़े लाट साहब के जुलूस की शुरूआत सरौंदी बंगला मौती चौक से शुरू होकर कोतवाली पहुंचता है। यहां कोतवाल लाट साहब को सलामी और इनाम में एक शराब की बोतल देते हैं। फिर यहां से लाट साहब का जुलूस चारखंभा, केरूगंज, बैरी तिराहा, अंटा चौराहा, जेल रोड, खिरनी बाग चौराहा से थाना सदर बाजार होते हुए बाबा विश्वनाथ मंदिर से होकर पंखी होटल से बहादुरगंज, मशीनरी मार्केट से घंटाघर, माल खाना मोड़, कच्चा कटरा मोड़, सुनहरी मस्जिद तिराहा, कोतवाली गेट से पटी गली मौती चौक सरौंदी बंगला पर समाप्त होता है।