प्रधानमंत्री को ज्ञापन देनेे जाने से रोकने पर भड़का गुस्सा
अमर उजाला ब्यूरो
शाहजहांपुर। प्रधानमंत्री को ज्ञापन देने के लिए रैली स्थल पर जाने से पुलिस के रोके जाने पर समाजवादी पार्टी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं का गुस्सा भड़क उठा। उन्होंने खिरनीबाग चौराहे पर सरकार के खिलाफ नारेबाजी के साथ प्रदर्शन शुरू कर दिया। हालांकि, इस बीच पुलिस क्षेत्राधिकारी नगर सुमित शुक्ला की सूचना पर अतिरिक्त मजिस्ट्रेट पूजा यादव वहां पहुंच गईं और उन्होंने जिलाध्यक्ष तनवीर खां से प्रधानमंत्री को संबोधित ज्ञापन लिया।
शनिवार को करीब 11 बजे जिलाध्यक्ष तनवीर खां के नेतृत्व में सपा नेताओं और कार्यकर्ताओं का जत्था उनके आवास से रवाना हुआ तो पुलिस अधिकारी सतर्क हो उठे। सपाइयों का हुजूम खिरनीबाग चौराहे पर पहुंचा तो बैरिकेडिंग के पास पुलिस ने उन्हें रोक लिया। इस पर सपाई बिफर उठे और सरकार के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। इस दौरान पूर्व मंत्री राममूर्ति सिंह वर्मा, पूर्व सांसद मिथिलेश कुमार और एमएलसी अमित यादव ने भाजपा के राज में किसानों की उपेक्षा का आरोप लगाते हुए पीएम की रैली को किसान विरोधी बताया। जिलाध्यक्ष तनवीर खां ने कहा कि किसानों की समस्याओं को प्रधानमंत्री से समय नहीं दिलाना और पुलिस द्वारा रैली में जानेे से रोकना लोकतंत्र की हत्या जैसा है। ज्ञापन में जिले के किसानों का चीनी मिलों पर बकाया 476 करोड़ रुपये गन्ना मूल्य शीघ्र दिलाने, डीजल-पेट्रोल की बढ़ी कीमतें वापस लिए जाने, नहरों के अंतिम छोर तक पानी पहुंचाने, रोजा थर्मल पॉवर से जिले को 24 घंटे बिजली दिलाने आदि मांगों का उल्लेख है। प्रदर्शन में विधायक शरदवीर सिंह, एमएलसी संजय मिश्रा, पूर्व राज्यमंत्री कोविद कुमार सिंह, पूर्व विधायक शकुंतला देवी एवं राजेश यादव, रणंजय सिंह यादव, उपेंद्र पाल सिंह, कपिल सिंह वर्मा, जगजीत सिंह टांडे, देव कुमार द्विवेदी, मो. हशमत आदि शामिल रहे।