प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को एक घंटा पांच मिनट तक शाहजहांपुर में रहेंगे। वह रोजा में मंडी समिति के सामने स्थित रेलवे के मैदान में किसान कल्याण रैली को संबोधित करेंगे। केंद्रीय मंत्री संतोष गंगवार, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत कई वीवीआईपी रैली को संबोधित करेंगे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी विशेष विमान एयर इंडिया वन से शनिवार को दिल्ली से सुबह 11:00 बजे बरेली स्थित त्रिशूल एयर बेस पहुंचेंगे। यहां चेजओवर होगा। बरेली से रोजा स्थित सभा स्थल के लिए प्रधानमंत्री और उनके सुरक्षा दस्ते को लेकर वायु सेना के तीन हेलीकॉप्टर 11:15 बजे उड़ान भरेंगे। प्रधानमंत्री का हेलीकॉप्टर 11:50 बजे सभा स्थल पर बनाए गए हेलीपैड पर लैंड करेगा। यहां किसान कल्याण रैली को संबोधित करने के बाद वह 12:55 बजे बरेली रवाना हो जाएंगे। रैली में सांसद मेनका गांधी, केंद्रीय मंत्री कृष्णाराज, प्रदेश के नगर विकास मंत्री सुरेश खन्ना, सिंचाई मंत्री धर्मपाल सिंह, गन्ना मंत्री सुरेश राणा और जिले के प्रभारी मंत्री लक्ष्मी नारायण भी शामिल होंगे।