सड़क हादसों में दो लोगों की मौत, चार घायल
सिंधौली में मूर्छा मोड़ के पास खाई में गिरी बाइक
निगोही में मिश्रीपुर के पास तांगे से टकराया बाइक सवार
फोटो-घायल तांगा चालक किश्वर
अमर उजाला ब्यूरो
सिंधौली/निगोही। अलग-अलग स्थानों पर हुए हादसों में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि चार लोग घायल हो गए। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद से मृतकों के परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
थाना सिंधौली क्षेत्र के गांव मूर्छी निवासी आशाराम का बेटा 18 वर्षीय कमल कुमार गांव के ही अपने साथी 16 वर्षीय निकित पुत्र राकेश व 17 वर्षीय अरुण गौतम पुत्र रामलाल के साथ शनिवार देर शाम बाइक से सिंधौली से अपने गांव जा रहा था। मूर्छा मोड़ के पास बाइक अनियंत्रित होकर गहरे गड्ढ़े में पलट गई। इससे तीनों लोग घायल हो गए। घायलों को जिला अस्पताल भेजा गया। जहां रविवार तड़के कमल ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
थाना निगोही क्षेत्र के गांव गोबरसंडा पूरनलाल का 35 वर्षीय बेटा शिवचरन बाइक से उदरिया गांव स्थित अपने साढू़ दुर्गेश की बेटी सुलोचना को छोड़ने के बाद रविवार सुबह 10 बजे अपने गांव को लौट रहा था। मिश्रीपुर गांव के पास पहुंचते ही उसकी बाइक सामने से आ रहे तांगे से टकरा गई। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। जबकि तांगा चालक कस्बा निवासी किश्वर घायल हो गया, वहीं पैदल जा रहा रिजवान भी घायल हो गया। दोनों घायलों को सीएचसी भेजा गया। घायलों में तांगा चालक को गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।