बेमौसम बारिश से बर्बाद हुई किसानों की फसलों के मुआवजा देने का काम प्रशासन तेजी से कर रहा है। बुधवार को 5966 किसानों को दो करोड़ 20 लाख 73099 रुपये वितरित किए गए। सर्वाधिक धनराशि सदर तहसील क्षेत्र को दी गई।
बेमौसम बारिश से किसान की 60 प्रतिशत के करीब फसल का नुकसान हो चुका है। इससे परेशान कई किसानों ने आत्महत्या तक कर ली है। मानवाधिकार आयोग ने किसानों के आत्महत्या करने का सिलसिला रोकने के आदेश प्रदेश सरकार को दिए हैं। इस वजह से प्रशासन पीड़ित किसानों को मुआवजा देने में भी तेजी दिखा रहा है। बता दें अब तक जिले में करीब 15 हजार किसानों को 6.7 करोड़ रुपये के चेक फसली राहत मद में दिए जा चुके हैं। इसमें बुधवार को बांटी गई धनरशि भी शामिल है।
इस संबंध में एडीएम वित्त एवं राजस्व पीके श्रीवास्तव ने बताया कि सहायता राशि का वितरण जनप्रतिनिधियों का कैंप लगाकर किया गया। बताया कि सदर बाजार तहसील क्षेत्र के 4096 किसानों को 1.02 करोड़ के करीब धनराशि वितरित की गई। तिलहर के 522 किसानों को 15.25 लाख रुपये, पुवायां के 525 किसानों को 75 लाख और जलालाबाद तहसील क्षेत्र के 763 किसानों को 27 करीब लाख रुपये की चेकों का वितरण किया गया।