शाहजहांपुर। थाना आरसी मिशन के मोहल्ला ख्वाजा फिरोज निवासी लालू नाम के ई रिक्शा चालक की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। जबकि उसके साथी की हालत बिगड़ गई। हालांकि, चर्चा यह भी है कि उसने कच्ची शराब पी थी। परिवार वालों ने पोस्टमार्टम से इंकार कर दिया। इस कारण मौत की सही वजह साफ नहीं हो सकी है। हालांकि, परिवार वालों का कहना है कि वह बीमार था। जबकि लालू जिस छोटे लाल नाम के व्यक्ति के साथ बृहस्पतिवार शाम गया था उसका कहना है कि दोनों ने शराब पी।
थाना आरसी मिशन के मोहल्ला ख्वाजा फिरोज का रहने वाला 55 वर्षीय लालू पुत्र रामदास अविवाहित था। ई-रिक्शा चलाकर और मजदूरी करके अपना गुजारा करता था। परिवार न होने की वजह से वह भतीजे सचिन के पास रहता था। बृहस्पतिवार शाम करीब सात बजे वह पड़ोस के ही छोटे लाल पुत्र रामलाल के साथ घर से निकला था। देर रात घर लौटा तो शराब के नशे में था। रात में उसकी हालत बिगड़ी और किसी वक्त मौत हो गई। परिवार वालों ने पुलिस को सूचना नहीं दी। दूसरे सूत्रों से पुलिस को सूचना मिली तो पुलिस मौके पर पहुंची। जांच-पड़ताल की। परिवार वालों ने लालू के बीमार होने की बात कहकर पोस्टमार्टम से इंकार कर दिया। छोटे लाल भी मेहनत मजदूरी करता है। बकौल छोटे लाल दोनों ने खन्नौत नदी के पक्का पुल के पास एक झोपड़ी में शराब पी, इसके बाद घर आ गए। उसकी भी तबियत बिगड़ी थी।
हालांकि, पोस्टमार्टम न कराए जाने से मौत की सही वजह साफ नहीं हो सकी है। इंस्पेक्टर आरसी मिशन प्रवेश सिंह का कहना है कि शराब से मौत की बात से परिवार वाले इंकार कर रहे हैं। उनका कहना है कि लालू बीमार था। बीमारी से ही उसकी मौत हुई है। परिवार वालों ने शव का पोस्टमार्टम कराने से भी इंकार कर दिया।