सिग्नल फेल, अटसलिया क्रॉसिंग पर रुकी गोरखपुर पैसेंजर
रोजा (शाहजहांपुर)। सिग्नल फेल होने की वजह से शनिवार को गोरखपुर पैसेंजर को अटसलिया क्रॉसिंग पर रुकना पड़ा। पीछे आने वाली ट्रेनों पर भी इसका आंशिक असर हुआ। ट्रेन करीब 17 मिनट खड़ी रही। इसके बाद सिग्नल दुरुस्त कर पास किया जा सका।
शाहजहांपुर-गोरखपुर पैसेंजर शनिवार शाम करीब 4:10 बजे शाहजहांपुर से चली थी। करीब आठ किलोमीटर का सफर पूरा कर रोजा स्टेशन पहुंचने से पहले ही अटसलिया क्रॉसिंग पर ट्रेन की रफ्तार पर सिग्नल ने ब्रेक लगा दिया। यहां सिग्नल फेल होने की वजह से ट्रेन को करीब 17 मिनट खड़ा रहना पड़ा। इससे यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। इतना ही नहीं पीछे आ रहीं ट्रेन की रफ्तार पर भी आंशिक असर पड़ा। करीब 20 मिनट बाद सब कुछ दुरुस्त किया जा सका।
स्टेशन से चोर गिरफ्तार, दो मोबाइल बरामद
शाहजहांपुर। जीआरपी ने रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म दो और तीन पर शनिवार को सर्च अभियान चलाया। संदिग्धों की तलाश की। इस दौरान एक संदिग्ध को हिरासत में लेकर पूछताछ की। उसके पास से यात्रियों के चुराए गए दो मोबाइल फोन और नगदी मिली। पूछने पर अपना नाम गुड्डू पुत्र भगवान सिंह बताया। रेलवे स्टेशन से यात्रियों का सामान और मोबाइल चोरी करने की बात स्वीकार की। जीआरपी ने मामले में रिपोर्ट दर्ज की है।