बंडा में किराये पर रह रहे युवक की पीलीभीत में मौत
बंडा (शाहजहांपुर)। बंडा में किराये पर रह कर कपड़े की फेरी लगाकर गुजर करने वाले युवक की पीलीभीत में कार की टक्कर से मौत हो गई। शव को पोस्टमार्टम के लिए पीलीभीत भेजा गया है। युवक की मौत से घर में कोहराम मचा हुआ है।
जनपद सीतापुर के थाना लहरपुर के गांव मिरकिल्लीपुर निवासी जियाउद्दीन बंडा के मोहल्ला रामनगर में किराए पर रहते थे। उनका पुत्र 45 वर्षीय शफीउद्दीन साइकिल से फेरी लगाकर कपड़े बेचने का काम करता था। शनिवार को भी वह कपड़े बेचने गया था। बंडा से पूरनपुर रोड पर गांव गुलड़िया भूपसिंह के पास एक कार चालक ने उसकी साइकिल में टक्कर मार दी। जिससे शफीउद्दीन की मौके पर ही मौत हो गई।
सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। हादसे की सूचना जियाउद्दीन को मिली तो उसने घर जानकारी दी। इससे परिवार में कोहराम मच गया। शफीउद्दीन के चार पुत्र और दो पुत्रियां हैं। सभी पैतृक गांव में रहते हैं। सूचना पर परिवार के लोग पीलीभीत को रवाना हो गए हैं।