शाहजहांपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के 30 दिसंबर के संभावित दौरे के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद बनाने में जुटे अधिकारियों द्वारा पटरी-खोमचा दुकानदारों को उजाड़े जाने पर सपा के पदाधिकारी शासन-प्रशासन पर जमकर बरसे। सपा जिला अध्यक्ष तनवीर खां की अध्यक्षता में उनके कैंप कार्यालय पर शुक्रवार को हुई बैठक में यह मुद्दा प्रमुखता से छाया रहा। वक्ताओं ने इस मौके पर शासन-प्रशासन की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि सर्दी गरीबों को उजाड़कर उनकी रोजी-रोटी छीनना सरासर नाइंसाफी है।
मुख्यमंत्री के कार्यक्रम की तैयारियां अभी तक मीरानपुर कटरा से खुदागंज और वहां से शहीद ठाकुर रोशन सिंह के गांव नवादा दरोबस्त तक सिमटी थीं, लेकिन उनके मुख्यालय पहुंचने की संभावना के मद्देनजर शहर में अजीजगंज और निगोही रोड पर पंचपीर के पास खोखा-पटरी दुकानदारों को हटा दिए जाने से सपा खेमे में नाराजगी बढ़ गई। अल्पसंख्यक सभा के प्रदेश उपाध्यक्ष सैयद रिजवान अहमद, महासचिव रणंजय सिंह यादव,उपेंद्र पाल सिंह उर्फ यूपी भइया, श्याम लाल यादव, धनंजय कुमार आदि मौजूद रहे।