शाहजहांपुर। पॉवर कारपोरेशन के गोविंदगंज सब स्टेशन से नए फीडर की लाइन बनाने के लिए बृहस्पतिवार को सुबह दस से शाम चार बजे तक तकनीकी स्टाफ जुटा रहा। इस दौरान किसी भी तरह की दुर्घटना की आशंका मिटाने के लिए आवास विकास फीडर करीब सात घंटे बंद रहा। टाउनहाल फीडर की सप्लाई दोपहर 12 बजे से तीन घंटे तक बंद रही। नतीजे में इन फीडरों से जुड़े कई मोहल्लों और कालोनियों के लोगों को करीब सात हजार उपभोक्ताओं को बिजली के लिए तरसना पड़ा।
बिजली उपभोक्ताओं की संख्या के लिहाज से वर्तमान में आवास विकास और टाउनहाल फीडर से जुड़े ट्रांसफार्मरों पर उनकी क्षमता के लिहाज से विद्युत भार अधिक पड़ रहा है। इससे कभी दुर्गा होटल तो कभी लाल इमली चौराहा और पीली मस्जिद क्षेत्र को बिजली सप्लाई देने वाली एलटी लाइनों के ट्रांसफार्मर, एलटी लाइनों के तार, जंपर आदि जल रहे हैं। इन खराबियों के चलते संबंधित क्षेत्रों में एक से दो घंटे तक के लिए बिजली संकट पैदा होना आम बात हो चुकी है। इस समस्या का स्थायी समाधान करने के उद्देश्य से दोनों फीडरों के बीच 11 केवी की नई लाइन डालने का काम कराया जा रहा है।
गत सप्ताह टाउनहाल से दुर्गा होटल तक नई लाइन डाली गई, लेकिन बाद मेें अवकाश पड़ने से लाइन स्टाफ छुट्टी पर चला गया। इससे काम बीच में रोक देना पड़ा। दूसरे चरण में दुर्गा होटल से लेकर गोविंदगंज सब स्टेशन तक नई लाइन बनाने के लिए उप केंद्र के सभी फीडरों पर सुबह दस बजे से शट डाउन लिया गया। इसी के साथ लाइनों से जुड़े इलाकों में बिजली संकट पैदा हो गया। क्षेत्र के प्रभारी अवर अभियंता अलंकृत मिश्रा के अनुसार टाउनहाल फीडर दोपहर बाद चालू कर दिया गया, लेकिन आवास विकास वाले फीडर को काम की अधिकता के कारण ज्यादा देर तक बंद रखना पड़ा।