शाहजहांपुर। मानदेय में बढ़ोत्तरी की मांग को लेकर 50 दिन से कार्य बहिष्कार हड़ताल कर रहीं आंगनबाड़ी वर्करों ने रविवार को खिरनीबाग के जीआईसी मैदान पर दिव्यांगों के कार्यक्रम में पहुंचे प्रदेश के कैबिनेट मंत्री सुरेश कुमार खन्ना से भेंट की। इस मौके पर महिला आंगनबाड़ी कर्मचारी संघ की जिला अध्यक्ष पद्मा रस्तोगी ने उन्हें दूसरे चरण के आंदोलन का घोषणा पत्र और ज्ञापन देकर शासन स्तर से मानदेय में बढ़ोत्तरी कराने की गुहार दोहराई। साथ ही अन्यथा की स्थिति में प्रांतीय नेतृत्व के निर्देशानुसार आंदोलन तेज कर देने की चेतावनी दी।
हुआ यह कि विश्व दिव्यांग दिवस के उपलक्ष में जीआईसी ग्राउंड पर आयोजित कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री गए थे। तभी क्रमिक अनशन पर बैठीं तमाम वर्करों ने मंत्री से वार्ता करने के लिए उनकी गाड़ी को घेर लिया। इस पर मंत्री खन्ना ने वाहन से उतरकर उनका ज्ञापन लिया। महिला आंगनबाड़ी कर्मचारी संघ की जिला अध्यक्ष ने सीतापुर जिला प्रशासन द्वारा संघ की चार आंदोलनकारी वर्करों को जेल भेजे जाने की निंदा करते हुए उन्हें तत्काल रिहा कराने की मांग की।
कैबिनेट मंत्री ने ज्ञापन लेकर कहा कि सरकार ने उनकी मांगों का गंभीरतापूर्वक संज्ञान लिया है और इस संबंध में जरूरी कार्यवाही तेजी से की जा रही है। उन्होंने कहा कि मांगों पर जल्द उचित निर्णय होगा। इसलिए आंगनबाड़ी स्टाफ धैर्य नहीं खोए और संयम बनाए रखें। इस बीच, क्रमिक अनशन में कृष्णा कुमारी, क्षमा शुक्ला, मनोरमा देवी, रोली, गजाला खानम, रंपा भारद्वाज, साधना तिवारी आदि शामिल रहीं।