तिलहर (शाहजहांपुर)। बुधवार शाम गांव डभौरा निवासी असीतुल्लाह अंसारी की 20 वर्षीय पुत्री तरन्नुम गैस जलाते समय गंभीर रूप से झुलस गई। परिजन उसे अस्पताल लाए और प्राथमिक उपचार के बाद बरेली ले गए।
अस्पताल लेकर पहुंचे तरन्नुम के भाई दिलशाद ने बताया कि उसके माता पिता बरेली में चाचा के यहां एक वैवाहिक कार्यक्रम में शरीक होने गए हैं। घर पर उनकी बहन तरन्नुम तथा दूसरी बड़ी बहन अंजुम थी। वह अपनी दुकान पर थे । बुधवार शाम लगभग 5 बजे घर से बहन अंजुम की कॉल आई और बताया कि तरन्नुम जल गई है। वह तत्काल घर पहुंचा और जली अवस्था में बहन को लेकर अस्पताल पहुंचा। यहां पर मौजूद अन्य परिजनों ने बताया की बड़ी बहन अंजुम दिव्यांग है। वह किसी तरह जलती हुई तरन्नुम के पास पहुंची तथा उसे खींचकर नल के नीचे बैठाया तथा नल चला कर आग बुझाई।
उधर, जली हुई अवस्था में तरन्नुम ने बताया कि वह रसोई में घुसी। जैसे ही उसने माचिस की तीली जलाई आग ने उसे अपनी चपेट में ले लिया जिससे उसके कपड़ों में आग लग गई। अस्पताल में डॉक्टर ने बताया कि तरन्नुम 70 फीसदी तक जली है। उसकी हालत गंभीर है। प्राथमिक उपचार के बाद उसे रेफर कर दिया गया है।