मीरानपुर कटरा/ तिलहर (शाहजहांपुर) अलग अलग थाना क्षेत्रों में शनिवार को हुए सड़क हादसों में एक की मौके पर मौत हो गई जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को अस्पताल भेजा और मृतक के शव की शिनाख्त न होने पर मोरचरी में रखवा दिया गया। मीरानपुर कटरा थाना क्षेत्र के नेशनल हाईवे पर स्थित खुसरो डिग्री कॉलेज के सामने किसी वाहन ने एक युवक के टक्कर मार दी है। उसकी मौके पर मौत हो गई है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर उसकी तलाशी ली, लेकिन उसके पास कोई ऐसी चीज नहीं निकली। जिससे उसकी शिनाख्त हो सके। मृतक की उम्र करीब 25 वर्ष के आसपास बताई जा रही है। युवक नीली जींस व सफेद शर्ट पहने था। पुलिस ने शव को शिनाख्त के लिए मोरचरी में रखवा दिया है।
इधर, कटरा थाना क्षेत्र के गांव खड़करी निवासी 30 वर्षीय जाहिद हुसैन पुत्र शमशुद्दीन बाइक से हाईवे पर भक्सी तिराहे की ओर जा रहा था। इसी दौरान किसी अज्ञात वाहन उसकी वाइक में टक्कर मारकर फरार हो गया। खून से लथपथ जाहिद को सीएचसी लाया गया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद घायल को बरेली रेफर कर दिया गया। इधर, बंडा क्षेत्र के गांव लक्ष्मनपुर निवासी कुलदीप सिंह बाइक से किसी काम से बंडा आ रहे थे। उधर बंडा निवासी आशिक अली बाइक से नभीची जा रहे थे। गांव देवकली में दोनों की बाइकें टकरा गई, जिससे दोनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के लोगों ने दोनों को बंडा के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया। हालत गंभीर होने के कारण दोनों को जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया।