शाहजहांपुर। भाई-बहन के अमर प्रेम का प्रतीक त्योहार रक्षाबंधन जिलेभर में श्रद्धा और उल्लास के वातावरण में मनाया गया। बहनों ने भाइयों को राखी बांधकर मिठाई खिलाई और उनकी दीर्घायु की कामना की। वहीं भाइयों ने बहनों को उपहार देकर उनका आशीर्वाद लिया।
त्योहार मनाने के लिए सुबह ही बहनों ने सज-संवर कर पूजा थाली तैयार की। बहनों ने परंपरागत ढंग उपवास रखकर भाइयों को रोली तिलक करके राखी बांधी और मिठाई खिलाकर उनके दीर्घायु होने की कामना की। राखी बंधने के बाद भाइयों ने बहनों को नगद दक्षिणा के साथ ही उपहार देकर बहनों का आशीर्वाद लिया। उपहार को लेकर भाई-बहनों में प्यार की तकरार भी हुई, इस तकरार में जीत बहनों की हुई। त्योहार मनाने के लिए सुदूर क्षेत्रों में ससुराल से मायके आकर बहनों ने भाइयों के राखी बांधकर हंसी-खुशी त्योहार मनाया।
यह त्योहार की ही महत्ता थी कि गैर जनपदों और ग्रामीण अंचलों से आने वाली बहनों ने रास्ते में तमाम परेशानियां उठाकर जैसे-तैसे भाइयों के पास तक पहुंच सकीं, लेकिन उन्होंने परेशानी में भी अपने इरादे नहीं छोड़े और भाइयों समेत परिवार के अन्य सदस्यों से मिलने की ललक में वह गंतव्य तक पहुंच ही गईं।
वहीं, बाजार में सोमवार को भी राखी और मिठाई की दुकानें सजी रहीं। खासतौर पर मिठाई की दुकानों पर जबरदस्त भीड़ उमड़ी रही। लोगों ने अपने तथा बच्चों के मनपसंद की मिठाई खरीद कर खुशियां मनाईं। मिठाई की दुकानों पर तो देर शाम तक भीड़ उमड़ती रही। नामी-गिरामी दुकानों पर सबसे अधिक भीड़ रही। इसके अलावा बच्चों को उपहार देने के लिए चाकलेट आदि की बिक्री भी खूब हुई। त्योहार पर बहनों को उपहार में देने के लिए साड़ियां भी खूब बिकी।
इनरव्हील की सदस्यों ने फौजियों को आंधी राखी
सामाजिक संगठन इनरव्हील क्लब की सदस्यों ने फौजियों को राखी बांधकर रक्षाबंधन पर्व हर्षोल्लास से मनाया। इस बीच महिलाओं ने फौजी भाइयों को रोली तिलक करके मिठाई और उन्हें राखी बांधकर रक्षा का वचन लिया। देश सेवा में समर्पित फौजी भाइयों को त्योहार पर घर जैसा माहौल मिला, जिससे वह खासे उत्साहित नजर आए और उन्होंने क्लब की महिला सदस्यों से एक-एक कर राखी बंधवाई। कैंट क्षेत्र में हंसी-खुशी के इस पल में संगठन अध्यक्ष ज्योति गुप्ता, विभा अग्रवाल, राजेंदर कौर, ज्योति शर्मा, सुधा प्रसाद, रागिनी कपूर, रीना अग्रवाल, गीता गुप्ता, अलका अरोड़ा, किरन खन्ना, डॉ. सीमा खान, मधु कपूर, मिथिला अंचल आदि सदस्य शामिल रहीं।