मकसूदापुर/ बंडा (शाहजहांपुर)। नाती के साथ बाइक से दवा लेकर घर जा रही महिला की बाइक के गड्ढे में चले जाने से मौत हो गई। अन्य हादसे में दो बाइक टकराने से दो लोग घायल हो गए।
गांव उदरा टिकरी निवासी रामनाथ सिंह की पत्नी 50 वर्षीय चंपादेवी मंगलवार सुबह अपने नाती जसवीर सिंह के साथ बाइक से दवा लेने बंडा गई थीं। वापसी में बंडा- बिलसंडा रोड पर गांव नवाबपुर पुक्खी के पास सामने से आ रहे वाहन को बचाने के फेर में बाइक का पहिया रोड पर बने गहरे गड्ढे में चला गया, जिससे चंपा देवी की रोड पर गिरने से मौत हो गई।
सूचना घर पहुंची तो परिवार में कोहराम मच गया। परिवार के पुलिस को सूचना दिए बिना शव को घर ले गए। बाद में चंपा देवी का अंतिम संस्कार कर दिया गया। उधर, बिलसंडा के गांव पसगवां का पुष्पेंद्र सिंह सोमवार रात बंडा से घर जा रहा था। इधर, बिलसंडा के गांव घनश्यामपुर के अशोक और अंकित गोला जा रहे थे। गांव पिपरिया हरिश्चंद्र के पास दोनों की बाइकें टकरा गईं। जिसमें पुष्पेंद्र सिंह और अशोक घायल हो गए। दोनों को बंडा के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।