शाहजहांपुर। सिंधौली के ददिउरा गांव के ग्रामीणों ने अवैध खनन के खिलाफ शुक्रवार को कलक्ट्रेट में प्रदर्शन कर डीएम को ज्ञापन दिया। ज्ञापन में अवैध खनन रोकने और खनन माफिया के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है।
शुक्रवार दोपहर सिंधौली थाना क्षेत्र के ददिउरा गांव के तमाम लोग कलक्ट्रेट पहुंचे और प्रदर्शन कर खनन माफिया केखिलाफ जमकर नारेबाजी की। ज्ञापन में ग्रामीणाें ने कहा कि प्रशासनिक अधिकारियों की मिलीभगत से रातभर जेसीबी से बालू और मिट्टी का खनन होता है। बालू और मिट्टी केे डंपर वसुलिया से तिउलक चौराहे होकर निकलते हैं। जिससे रोड टूट गई है। इससे आवागमन में परेशानी हो रही है। डंपरों से उड़ने वाली धूल से गेहूं के सीजन में किसानों को काफी नुकसान हुआ था। अब गन्ने की फसल भी खराब हो रही है। प्रशासन खनन की अनुमति के नाम पर किसानाें का उत्पीड़न करा रहा है। किसान धूल और प्रदूषण के कारण अपने खेतों में काम नहीं कर पा रहे हैं। खनन माफिया मिट्टी खनन के लिए आठ से दस फिट गहरी मिट्टी का खुदान करते हैं। इस कारण पास का खेत बरसात में कटान होने के कारण बरबाद हो जाता है। ग्रामीणों ने इस संबंध में डीएम को दस सूत्रीय मांग पत्र सौंप समस्या का हल कराने की मांग की है। ज्ञापन देने वालों में प्रधान वसुलिया भास्कर द्विवेदी, प्रधान ददिउरा प्रेमलता, प्रधान कुरसंडा बड़ी बिटिया सहित तमाम ग्रामीण प्रदर्शन के दौरान मौजूद रहे।