जलालाबाद के सराय साधौ गांव में बैठक में लोगों को संबोधित करतीं एसपी ग्रामीण भंवरे दीक्षा अरुण
जलालाबाद। क्षेत्र के गांव सराय साधौ के करीब 51 लोग विभिन्न जिलों और राज्यों में जाकर अपराध करने में संलिप्त पाए गए हैं। इनमें 19 अपराधी गंभीर प्रवृत्ति के हैं, जो लूट, छिनैती और डकैती जैसे अपराधों में शामिल रहे हैं। यक्ष एप से जानकारी सामने आने के बाद एसपी देहात दीक्षा भंवरे ने पंचायत भवन में ग्रामीणों के साथ संवाद कर स्थिति की जानकारी दी।
एसपी देहात ने ग्रामीणों से ऐसे लोगों को समझाने और उनकी गतिविधियों पर नजर रखने की अपील की। उन्होंने बताया कि पूरे जिले में इस तरह के 116 अपराधी चिह्नित किए गए हैं। कहा कि बैठक का उद्देश्य ग्रामीणों को जागरूक करना है, ताकि अपराधियों की संख्या और गतिविधियों में कमी लाई जा सके। अन्यथा साक्ष्य संकलित कर पुलिस स्तर से कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने बताया कि समस्या को देखते हुए गांव को अलग बीट बनाया गया है। यहां एक एसआई और दो सिपाहियों की तैनाती की गई है, जो क्षेत्र की गतिविधियों पर नजर रखेंगे। एसपी देहात ने ऐसे अपराधियों की जमानत लेने वाले जमानतदारों को भी चेताया।
सीओ दीपक सिंह ने ग्रामीणों से जागरूक होकर गांव की छवि सुधारने में पुलिस का सहयोग करने की अपील की। इस मौके पर प्रभारी निरीक्षक अरविंद चौहान समेत बड़ी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहा।