शाहजहांपुर। यूपी बोर्ड की वर्ष 2027 की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। परीक्षा केंद्रों के निर्धारण के बाद विभिन्न तहसीलों से 105 आपत्तियां प्राप्त हुई हैं। इनमें 46 आपत्तियां अधिक दूरी पर परीक्षा केंद्र बनाए जाने की हैं। इसके अलावा छात्र आवंटन और परीक्षा केंद्र हटवाने को लेकर भी शिकायतें की गई हैं। इन सभी आपत्तियों की जांच संबंधित एसडीएम करेंगे। इसके बाद जिला स्तरीय समिति इनका निस्तारण करेगी।
प्राप्त आपत्तियों में सदर तहसील से 27 शिकायतें आई हैं। इसी तरह तिलहर तहसील से केंद्र बनाने और हटाने को लेकर नौ, छात्र आवंटन की 11 और अधिक दूरी की सात आपत्तियां मिली हैं। पुवायां तहसील से दूरी संबंधी दो आपत्तियां प्राप्त हुई हैं। जलालाबाद से छात्र आवंटन की एक और अधिक दूरी की सात शिकायतें आई हैं। वहीं कलान तहसील से केंद्र हटाने की दो, नए केंद्र बढ़ाने की दो, छात्र आवंटन की तीन और अधिक दूरी की 18 आपत्तियां मिली हैं। डीआईओएस हरिवंश कुमार ने बताया कि एसडीएम की जांच आख्या आने के बाद जिला समिति आपत्तियों का निस्तारण करेगी।