शाहजहांपुर। शहर में सीवर की मुख्य लाइन बिछाने का कार्य सिर्फ साढ़े चार किमी ही बाकी है, लेकिन सड़कों की खोदाई से पूरा शहर बदहाल और शहरवासी परेशान हैं। रविवार को दूरे दिन हुई बारिश ने स्थिति और अधिक खराब कर दी। सड़कों पर चलना दूभर हो गया। अधिकारियों के मुताबिक, काम पूरा होने में अभी दो माह का समय और लगेगा।
रविवार रात से सोमवार सुबह तक रुक-रुककर बारिश होती रही। इससे शहर की सड़कों पर कीचड़ और जलभराव हो गया। सीवर लाइन के लिए खोदी गई सड़कों पर डाली गई मिट्टी दलदल में तब्दील हो गई। इस वजह से सड़कों पर चलना तक मुश्किल हो गया। वाहन चालकों और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ा। पंखी चौराहे से लाल इमली चौराहा पर सीवर लाइन बिछाने का काम चला। गड्ढों को भरने के लिए मिट्टी भी डाली गई, जहां पर सीवर लाइन बिछा दी गई थी, वहां पर पहले डाली गई मिट्टी बारिश होने पर बह गई। बहादुरगंज से मशीनरी मार्केट मार्ग पर सड़क की मिट्टी के दलदल में बदल जाने के कारण सवारियों को ले जाने वाले ई-रिक्शा तथा लोडिंग वाहनों के पहिये फंसते रहे। इनको सवारियों व दुकानदारों ने धक्का देकर निकलवाया। ई-रिक्शे को महिला सवारियां तक धक्का देकर निकलवाती दिखाईं दीं। इसी रोड पर स्थित अस्पतालों तक एंबुलेंस आने वाले मरीजों को तकलीफ उठानी पड़ी। लाल इमली चौराहा से रोडवेज के पास स्थित रेलवे क्रॉसिंग वाली रोड, हॉकी मैदान के सामने वाली सड़क पर भी कीचड़ से लोगों को गुजरना पड़ा।
जिले मे सीवर की मुख्य लाइन का काम करीब साढ़े चार किमी बचा है जोकि मशीनरी मार्केट से बहादुरगंज रोड और कचहरी मार्ग पर होना है। जबकि, वर्तमान में घरों में कनेक्शन और ब्रांच लाइन का काम पूरे शहर में चल रहा है, जिसको पूरा होने में दो माह का समय लग सकता है।
-कपिल एम. सिंह, एक्सईएन, जल निगम