खुटार में हैंडपंप की जांच करते कर्मचारी। संवाद
खुटार। हैंडपंप रीबोर में वित्तीय अनियमितता की शिकायत पर शुरू हुई जांच सोमवार को भी जारी रही। दूसरे दिन भी किसी भी हैंडपंप में पाइप पूरे पड़े नहीं मिले। टीम का आरोप है कि ब्लॉक के कर्मचारी जांच में सहयोग नहीं कर रहे हैं।
खुटार क्षेत्र में हैंडपंप रीबोर में वित्तीय अनियमितता की शिकायत किए जाने पर लोकायुक्त के सचिव ने डीएम को मामले की जांच कराने और आख्या 12 मार्च तक उप लोकायुक्त के पास भेजने लिए पत्र लिखा था। डीएम ने एडीएम न्यायिक की अध्यक्षता में एसडीएम पुवायां और जल निगम के अधिशासी अभियंता की टीम गठित कर जांच करने और 20 फरवरी तक साक्ष्य सहित रिपोर्ट देने के निर्देश दिए। टीम ने पहले दिन गांव रामपुर कलां और माधौपुर में हैंडपंपों की जांच की थी। सोमवार को भी कई गांवों में हैंडपंपों की जांच की गई। जांच टीम में शामिल जल निगम के जेई अरविंद पटेल ने बताया कि गांव सिकलापुर में वनस्थली इंटर कॉलेज के हैंडपंप में सभी जीआई पाइप पुराने पाए गए। इसी कॉलेज के दूसरे हैंडपंप में 63 एमएम का पाइप पड़ा नहीं मिला। प्लेटफॉर्म मानक के अनुसार नहीं मिला। गांव टाह खुर्द कलां में छम्मन मियां के घर के पास हैंडपंप में 63 एमएम का पाइप पड़ा नहीं मिला। इसी गांव में मम्मन के घर के पास हैंडपंप में भी 63 एमएम का पाइप नहीं मिला। प्लेटफार्म भी मानक के अनुरूप नहीं था। गांव नवाजपुर के संविलियन स्कूल और प्राथमिक स्कूल के दो हैंडपंपों में भी 63 एमएम पाइप पड़े नहीं मिले। हैंडपंपों में आठ जीआई पाइप होने चाहिए। किसी भी हैंडपंप में पूरे आठ पाइप पड़े नहीं मिले।
पत्रावली लेकर नहीं पहुंचे ग्राम पंचायत अधिकारी
जांच टीम में शामिल जेई अरविंद पटेल ने बताया कि रविवार को जांच के बाद सोमवार को जिन हैंडपंपों के रीबोर की जांच होनी थी, उनके ग्राम पंचायत अधिकारियों को सूचना दे दी गई थी। सोमवार को जांच के समय कोई भी ग्राम पंचायत अधिकारी मौके पर नहीं आया। जांच टीम को हैंडपंप रिबोर से संबंधित पत्रावली भी उपलब्ध नहीं कराई गई। इससे यह पता नहीं लग सका कि हैंडपंप के रिबोर में क्या सामान बदला गया है और क्या खर्च आया है। ब्लॉक कर्मियों के सहयोग न करने की रिपोर्ट अधिकारियों को भेजी जाएगी। बीडीओ से भी रविवार को मिलकर सहयोग मांगा गया था, लेकिन ध्यान नहीं दिया गया। बीडीओ वीरेंद्र कुमार मिश्रा ने इस संबंध में कोई बयान देने से इन्कार कर दिया।