फोटो-36,रो-रो कर अचेत हुई मृतक चंदन की मां
फोटो-37,चिकित्सालय में पूर्व प्रधान मुनीश्वरदयाल से घटना की जानकारी लेते विधायक रोशनलाल वर्मा
तालाब में डूबकर दो बच्चों की जान गई
भतीजे का फिसला पैर, उसे बचाने में गई चाचा की भी जान
अमर उजाला ब्यूरो
निगोही। क्षेत्र के गांव भरतापुर में बुधवार शाम तालाब में डूबकर चाचा-भतीजे की मौत हो गई। चाचा की जान भतीजे को बचाने के चक्कर में चली गई। एक ही परिवार में मासूम चाचा भतीजे की मौत से कोहराम मचा हुआ है। विधायक रोशनलाल ने परिवार को ढांढस बंधाया है।
क्षेत्र के ग्राम पंचायत हसौआ के मजरा भरतापुर निवासी 12 वर्षीय राजपाल पुत्र जोखेलाल अपने भतीजे नौ वर्षीय चंदन पुत्र रामकरन के साथ बुधवार शाम पांच बजे गांव के दक्षिण तालाब के किनारे खेलने गया था। खेलते-खेलते भतीजे चंदन का पैर फिसला और वह तालाब में जा गिरा। चंदन को निकालने के लिए राजपाल तालाब में घुसा तो गहराई होने के कारण वह भी पानी में समा गया।एक घंटे बाद जब दोनों घर नहीं पहुंचे तब फिर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की लेकिन उनका पता नहीं चला। दोनों बच्चों के शवों को ग्रामीणों ने तालाब के पानी में तैरते देखा, तब परिजनों को जानकारी दी। इसके बाद मौके पर लोगों की भीड़ लग गई। दोनों के शव बाहर निकाले गए। जिंदा होने की उम्मीद में उन्हें सीएचसी लाया गया लेकिन डॉ. नरेंद्र ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। राजपाल अपने भाई रामकरन, कृष्णपाल, राहुल, बहन मीना से छोटा है। मृतक चंदन अपने भाई गोविंद से छोटा और सचिन, बहन परी और रिया से बड़ा था। एक ही घर में दो बच्चों की मौत से कोहराम मचा है। विधायक रोशनलाल वर्मा भी चिकित्सालय पहुंचे। मृतक के परिजनों को ढांढस बंधाया और गरीबी से तंग हाल दोनों बच्चों के कफन के लिए रुपये दिए। जानकारी मिलने पर तिलहर एसडीएम मोईन-उल- इस्लाम ने भी मौका मुआयना किया और परिजनों को आर्थिक सहायता दिलाए जाने का आश्वासन दिया। एसडीएम ने बताया कि मरने वाले दोनों बच्चे हैं, इसलिए आर्थिक सहायता अनुमोदन के लिए मुख्यमंत्री को लिखा जा रहा है।