गुरु पूर्णिमा पर साईंमय हुआ शहर
बैंडबाजे के साथ निकाली गई पालकी यात्रा
फोटो- 01, 02, धूमधाम 03, 04 में
अमर उजाला ब्यूरो
शाहजहांपुर।
श्री द्वारिकाधीश मठिया आश्रम की ओर से शुक्रवार को शहर में भव्य साईं पालकी यात्रा निकाली गई। सुरक्षा के कड़े पहरे में निकाली गई पालकी यात्रा का झांकियां भी आकर्षण का केंद्र रहीं।
पालकी यात्रा का शुभारंभ बाबा विश्वनाथ मंदिर से मठिया के महंत रामशरण दास ने किया। एक ओर बैंडबाजे और डीजे की धुन पर थिरकते युवा और बच्चे साईं बाबा के प्रति अपनी श्रद्धा जता रहे थे। वहीं संगमरमर की पालकी को कंधे पर उठाने के लिए महिलाओं और पुरुषों में होड़ मची थी। सदर बाजार, बहादुरगंज, घंटाघर, मालखाना मोड़, कच्चा कटरा मोड़, चौक, चारखंभा, केरूगंज होते हुए शोभायात्रा मठिया आश्रम पहुंची, जहां श्रद्धालुओं का स्वागत किया गया। आरती के बाद प्रसाद वितरित हुआ।
पालकी यात्रा में साईं बाबा की कई झांकियों के साथ मां दुर्गा, शंकर-पार्वती, राधा-कृष्ण, शनिदेव, भारत माता, हनुमान जी आदि की झांकियां रथ पर विराजमान थी। सबसे आगे दो घुड़सवार भी चल रहे थे। कई स्थानों पर पालकी यात्रा पर पुष्प बरसाकर स्वागत किया गया। इस दौरान श्रद्धालुओं ने प्रसाद भी चढ़ाया। आयोजन में डॉ. अनुज गोयल, विशन चंद्र गोयल, जगदीश जौहरी, डॉ. महेंद्र अग्रवाल, रामभरोसे राठौर, नवीन सक्सेना आदि का योगदान रहा।