वाणिज्य कर दफ्तर के सामने व्यापारियों का प्रदर्शन
जीएसटी की दिक्कतों को लेकर नोडल अधिकारी को दिया ज्ञापन
फोटो 06 में।
अमर उजाला ब्यूरो
शाहजहांपुर। जीएसटी से जुड़ी समस्याओं का निस्तारण नहीं किए जाने के विरोध में शहर के व्यापारियों ने शुक्रवार को खिरनीबाग स्थित वाणिज्य कर कार्यालय के सामने नारेबाजी कर प्रदर्शन किया। बाद में उनका शिष्टमंडल उद्योग व्यापार मंडल मिश्रा गुट के जिला अध्यक्ष कुलदीप सिंह दुआ और नगर अध्यक्ष सुनील गुप्ता के संयुक्त नेतृत्व में वाणिज्य कर उपायुक्त/ जीएसटी के नोडल अधिकारी श्रीपाल से मिला तथा उन्हें ज्ञापन देकर विभिन्न मुद्दों पर वार्ता की।
व्यापारी नेता दुआ ने कहा कि जो व्यापारी किन्हीं कारणों से अपना नक्शा दाखिल नहीं कर सके। उन्हें नोटिस दिए बगैर उनके जीएसटी रजिस्ट्रेशन निरस्त कर दिए गए जबकि ऐसी स्थिति में व्यापारियों से पेनाल्टी लिए जाने का प्रावधान है। पोर्टल बंद होने के कारण पेनाल्टी जमा नहीं हो सकती, इसलिए रजिस्ट्रेशन रद्द कराना व्यापारियों के साथ घोर अन्याय है। नगर अध्यक्ष सुनील गुप्ता ने व्यापारियों की गलत खाते में जमा रकम लौटाई नहीं जाने की समस्या का उल्लेख करते हुुए कहा कि ऐसे मामलों में कैंप लगाकर जजमेंट कर पैसा खाते में भिजवाने का प्रावधान किया गया है, लेकिन इसका पालन नहीं हो रहा है।
उपायुक्त श्रीपाल नेे आश्वस्त किया कि ज्ञापन में जिन व्यापारिक फर्माें का जिक्र करते हुए समस्याएं बताई गईं हैं उनका समाधान शीघ्र कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि नीतिगत मामलों पर निर्णय लेना शासन के अधिकार क्षेत्र में आता है, लेकिन स्थानीय स्तर पर कोई भी समस्या व्यापार में आड़े नहीं आने दी जाएगी। प्रदर्शन में नाजिम खां, महेंद्र गुप्ता, रवि खुराना, चंद्रप्रकाश गुलाटी, संजीव राठौर, सुरेंद्र सेठी, धर्मपाल रैना, ललित खुराना आदि शामिल रहे।