बृहस्पतिवार सुबह कटरा फर्रुखाबाद स्टेट हाईवे स्थित बझेड़ा पुलिया के समीप भूसी भरा ट्रक पलटने से कुछ ही देर में हाईवे के दोनों ओर भारी जाम लग गया। इधर, पूर्णमासी के गंगा स्नान पर्व पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के चलते कोला वाली सिंगल रोड ट्रैफिक का दबाव नहीं झेल पाई और कोला मोड़ से लेकर जरियनपुर तक लंबा जाम लगा रहा। एक ही समय पर दो रोड जाम के झाम में फंसने से लोग बेहाल हो गए। करीब चार घंटे तक लगे रहे जाम को आस पास के थानों के फोर्स ने आकर खुलवाया।
मालूम हो कि कटरा फर्रुखाबाद रोड का चौड़ीकरण होने के दौरान नगर से करीब चार किलोमीटर दूर बझेड़ा गांव के पास बनी पुलिया चौड़ी नहीं की गई थी संकरी पुलिया के चलते यहां से एक ही वाहन पास हो पाता है। सुबह करीब सात बजे इस पुलिया के पास भूसी भरा ट्रक पलट गया। इससे रास्ता पूरी तरह बंद हो गया। रही सही कसर छोटे वाहन चालकों ने पूरी कर दी। कुछ ही देर में हाईवे पर लंबा जाम लग गया। इधर, पूर्णमासी के पर्व पर ढाईघाट गंगा स्नान करने वाले श्रद्धालुओं की भारी तादाद के चलते कोला मोड़ से कोला गांव तक का सिंगल रोड ट्रैफिक का दबाव झेल नहीं पाया और यहां भी जाम लग गया। कुछ ही देर में इस रोड पर भी जरियनपुर तक वाहनों की लंबी कतार लग गईं। दो रोड जाम होने की जानकारी पाकर अल्हागंज, जलालाबाद के अलावा मिर्जापुर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और करीब 11 बजे जैसे तैसे जाम खुल पाया। करीब चार घंटे से ज्यादा समय तक जाम में फंसे लोग गर्मी मे बेहाल हो गए। मालूम हो कि मंगलवार की रात भी कोला रोड पर तीन घंटे से ज्यादा जाम लगा रहा था।