शाहजहांपुर। राजकीय नर्सेस संघ ने संयुक्त निदेशक (चिकित्सा स्वास्थ्य परिवार कल्याण) को ज्ञापन देकर जिला अस्पताल में स्टाफ नर्स और चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों की समस्याओं को हल कराने की मांग की है।
शाहजहांपुर से गुजरे संयुक्त चिकित्सा निदेशक को नर्सेस संघ की जिलाध्यक्ष गीता देवी की ओर से दिए गए ज्ञापन में कहा गया कि 300 बेड के अस्पताल में 60 से 65 स्टाफ नर्सों की नियुक्ति होनी चाहिए, लेकिन यहां पर स्टाफ बेहद कम हैं। महज 25 स्टाफ नर्सों से 300 बेड का अस्पताल चलाया जा रहा है। इन स्टाफ नर्सों को दिन, रात और शाम की ड्यूटी करनी पड़ रही है। इस कारण रोगियों की सेवा कार्य गुणवत्ता के साथ नहीं हो पा रहा है। संघ ने ज्ञापन में यह भी कहा कि संयुक्त जिला चिकित्सालय के हिसाब से यहां पर 80 के करीब चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी होने चाहिए, पर यहां मात्र 18 कर्मचारियों से काम चलाया जा रहा है। जिला अस्पताल की चार स्टाफ नर्सों को मानसिक चिकित्सालय बरेली में कई साल से संबद्ध कर रखा है। जबकि शासन ने अटैचमेंट खत्म कर रखा है। संघ ने मांग की कि उन नर्सों की संबद्धता को खत्म कर उनको जिला चिकित्सालय में तैनात किया जाए। ज्ञापन देने वालों में संदेश कुमार, मंजू राम, एलीशा आर सिंह, सरला देवी, ललित मोहन यादव, रेनू मित्रा, रंजना सिंह, रीना, रूथ कौशल आदि स्टाफ नर्स मौजूद रहीं।