शाहजहांपुर में स्कूली वाहन की जांच करते एआरटीओ प्रवर्तन हरिओम। स्रोत: विभाग
शाहजहांपुर। सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और यातायात नियमों के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए जिले में 16 से 30 नवंबर तक सड़क सुरक्षा पखवाड़ा मनाया जा रहा है। इसके तहत मंगलवार को परिवहन विभाग की ओर से 40 स्कूली वाहनों की जांच करते हुए ओवरस्पीड दौड़ने वाले 22 वाहनों के चालान किए। दो बसों समेत छह वाहन सीज किए गए।
एआरटीओ (प्रवर्तन) हरिओम ने जिले के विभिन्न स्कूलों में संचालित 40 वाहनों की जांच की। निरीक्षण के दौरान सभी वाहन निर्धारित मानकों के अनुरूप पाए गए। वहीं, निर्धारित गति सीमा से अधिक रफ्तार में वाहन चलाने पर 22 वाहनों के चालान किए गए। इसके अलावा कांट क्षेत्र में दो पिकअप वाहनों को बंद किया गया। इनमें एक पिकअप में आठ सवारियां बैठी थीं, जबकि दूसरी ओवरलोड थी।
आरसी मिशन क्षेत्र में अधिक मात्रा में सीमेंट लादकर ले जा रही ट्रैक्टर-ट्रॉली को सीज किया गया। इसके अलावा उत्तराखंड और राजस्थान के दो वाहन बिना परमिट संचालित होते मिले, जिन्हें सीज कर दिया गया।
एआरटीओ ने वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने और ओवरलोडिंग से बचने की अपील की।