शाहजहांपुर। अंतरराष्ट्रीय कलाकार समूह आर्ट फैमिली की ओर से वरिष्ठ चित्रकार मोहम्मद तौकीर की पहली बरसी पर अखिल भारतीय ऑनलाइन कला प्रदर्शनी का आयोजन पांच से 20 अप्रैल के बीच किया जाएगा। इसके लिए लगभग सभी प्रांतों से 3500 कलाकारों ने अपनी कलाकृतियां भेजी हैं। निर्णायक मंडल ने इनमें से 140 कलाकारों की श्रेष्ठ कलाकृतियों का चयन किया।
वरिष्ठ चित्रकार मोहम्मद तौकीर की याद में यह ऑनलाइन कला प्रदर्शनी लगाई जा रही है। आर्ट फैमिली के उपाध्यक्ष चित्रकार मोहम्मद कमर ने बताया कि सौंदर्य के विभिन्न गुणों से ओतप्रोत सभी 140 कलाकृतियों में 20 कलाकारों को ऑल इंडिया अवार्ड के लिए चयनित किया गया। इसमें पंकज शर्मा कांगड़ा (हिमाचल) को मोहम्मद तौकीर अवार्ड 21 हजार रुपये, रंजोय सरकार जलपाईगुड़ी को जव्वारी बेगम अवार्ड 15 हजार रुपये प्रदान किए जाएंगे।
पीकेपी अलेक्या आंध्र प्रदेश को मोहम्मद नजीर अवार्ड दस हजार रुपये, उमेश जाना कोलकाता को जाकिया बेगम अवार्ड पांच हजार रुपये, विष्णु सीएस केरला को अली अहमद अवार्ड दिया जाएगा। सत्यरंजन दास देहली को वली अहमद अवार्ड, श्रद्धा तिवारी लखनऊ को मोहम्मद एजाज अवार्ड, जितेंद्र प्रजापति को हुसामुद्दीन अवार्ड और मोहम्मद शमीम आलम पश्चिम बंगाल को समा नकवी अवार्ड के रूप में पांच-पांच हजार रुपये दिए जाएंगे।
इनके इलावा मेधा जयेश कुमार गुजरात, संजय यादव वाराणसी, विश्वजीत राय तेलगांना, सुनील निमावत उदयपुर, जयदीप भट्टाचार्य त्रिपुरा, राकेश चौधरी दिल्ली, टीटो स्टेली एसजे केरल, गोपा राय त्रिपुरा का चयन भी किया गया। पुरस्कार वितरण समारोह दिल्ली में आयोजित होगा।
इस तरह हुआ चयन
डॉ. अली जाफर अलीगढ़, राजीव सिक्का कोलकाता और डॉ. कमर निर्णायक के रूप में शामिल हुए। कलाकृतियों के चयन में सौंदर्य शास्त्र, सामाजिक सौंदर्य और पेंटिंग का संयोजन जैसे मानक रखे गए। आर्ट ऑफ फैमिली की वेबसाइट और पेज पर ऑनलाइन प्रदर्शनी लगाई जाएगी।
चित्रकार मोहम्मद तौकीर- फोटो : SHAHJAHANPUR