शाहजहांपुर। परिषदीय विद्यालयों में संचालित बाल वाटिका में बच्चों को पढ़ाने के लिए अर्ली चाइल्डहुड एंड एजुकेशन (ईसीसीई) एजुकेटर के 168 पदों पर 33 गुना आवेदन किए गए हैं। दो महीने बीतने के बाद भी भर्ती प्रक्रिया पूरी नहीं हो सकी है। ऐसे में आवेदक बीएसए कार्यालय के चक्कर लगाने के लिए मजबूर हैं।
परिषदीय विद्यालयों में को-लोकेटेड आंगनबाड़ी केंद्रों में बाल वाटिका केंद्रों का संचालन होता है। वाटिका पर तीन से छह साल तक के बच्चों को पढ़ाया जाता है। इन स्कूलों में बच्चों को पढ़ाने के लिए 168 पदों पर ईसीसीई एजुकेटर की भर्ती के लिए जुलाई महीने में आवेदन शुरू हुए थे। सेवायोजना पाेर्टल पर जिले के अतिरिक्त दूसरे जनपदाें के बेरोजगारों ने आवेदन किए। इसमें 5686 आवेदन आए हैं।
10313 रुपये प्रति महीने मानदेय वाली नौकरी सेवा प्रदाता फर्म के माध्यम से दी जाएगी। लेकिन दो महीने से ज्यादा बीतने के बाद भी चयन प्रक्रिया पूरी नहीं हो सकी है। आवेदक बीएसए कार्यालय में चक्कर लगाने के लिए मजबूर हैं। बीएसए दिव्या गुप्ता ने बताया कि सेवा प्रदाता फर्म से सूची मांगी गई है। जल्द ही मेरिट के आधार पर चयन किया जाएगा।