18 हजार घरों की बिजली गुल रही, खन्नौत पुल के पास खुदाई के दौरान फाल्ट
शार्ट सर्कि ट बताया जा रहा फाल्ट की वजह
गोविंदगंज, बहादुरगंज सब स्टेशन के फीडर ठप
खन्नौत पुल के पास बुधवार सुबह रेलवे ट्रैक की मरम्मत के लिए उसके पास खुदाई किए जाने के दौरान गोविंदगंज पॉवर सब स्टेशन को जाने वाली 33 केवी बिजली लाइन का अंडरग्राउंड केबिल शार्ट सर्किट से फट गया। इस फाल्ट से गोविंदगंज और बहादुरगंज उपकेंद्रों से जुड़े करीब 18 हजार घरों और प्रतिष्ठानों की बत्ती गुल हो गई। करीब चार घंटे की मरम्मत के बाद गोविंदगंज उपकेंद्र से जुड़े इलाकाें की सप्लाई बहाल हो गई, लेकिन बहादुरगंज उपकेंद्र से जुड़े आठ हजार उपभोक्ता सुबह से शाम तक बिजली पाने को तरस गए।
गोविंदगंज सब स्टेशन को बिजली सप्लाई देने के लिए पुवायां रोड पर पैना स्थित ट्रांसमिशन विंग के 220 केवी पॉवर स्टेशन से 33 केवी की लाइन निकाली गई है। यह लाइन कैंट एरिया और मऊ बासक गांव के पीछे से होकर निकाली गई है। खन्नौत रेलवे पुल के पास इस लाइन के अंडरग्राउंड केबिल दोनों रेलवे ट्रैक के नीचे से निकाले गए हैं। सुबह करीब दस बजे रेलवे लाइनों की मरम्मत के लिए खन्नौत पुल के पास खुदाई के दौरान पॉवर केबिल में शार्ट सर्किट से आग लग गई और वह तेज धमाके के साथ फट गया।
गोविंदगंज की इसी लाइन को आगे बहादुरगंज सब स्टेशन के इनकमिंग फीडर को बिजली देने के लिए बढ़ाया गया है। इसलिए केबिल फाल्ट होते ही गोविंदगंज के दस हजार और बहादुरगंज के आठ हजार कनेक्शन ठप हो गए। गोविंदगंज के प्रभारी अवर अभियंता अलंकृत मिश्रा ने फाल्ट की तलाश के लिए लाइन स्टाफ को पेट्रोलिंग के लिए रवाना किया।
पेट्रोलिंग टीम को करीब दो किमी की लाइन जांचने के बाद खन्नौत पुल के पास केबिल जली हालत में मिला। इसके बाद फाल्ट ठीक करने की प्रक्रिया शुरू की गई। हालांकि, अपरान्ह तीन बजे केबिल जोड़कर गोविवंदगंज तक लाइन टेस्टिंग का काम पूरा कर लिया गया, लेकिन बहादुरगंज वाली लाइन के जंक्शन के पास आई खराबी दिन ढले तक दूर नहीं हो सकी। इस वजह से गोविंदगंज के फीडरों की सप्लाई भी ऐहतियातन बंद रखी गई। देर शाम बिजली सुचारु नहीं हो सकी थी।
हथौड़ा, रोजा पर भारी पड़ा सिटी पार्क का लाइन वर्क
बिसरात रोड और आसपास के इलाकों की बिजली सप्लाई सुधारने के लिए बंका घाट के लिए 33 केवी का नया सब स्टेशन स्वीकृत किया गया, लेकिन वहां जगह उपलब्ध नहीं हो पाने के कारण बिजली उपकेंद्र लोधीपुर स्थित सिटी पार्क में बनाया जा रहा है। इस उपकेंद्र की 33 केवी लाइन डालने के लिए हथौड़ा और रोजा स्थित सब स्टेशनों से सुबह 11 बजे से शाम पांच बजे तक बिजली सप्लाई बंद रखी गई।
कचहरी रोड पर डाली गई 11 केवी बंच लाइन
बिजली लाइनों के नवीनीकरण में जुटे विभागीय अभियंताओं ने मेजर केबिल फाल्ट से पॉवर सप्लाई ठप होने के दौरान एक पंथ दो काज की तर्ज पर बुधवार को कलक्ट्रेट के पीछे कचहरी रोड को भी 11 केवी केबिल वाली बंच लाइन से लैस करा दिया। गुरुद्वारा श्री गुरुसिंह सभा से लेकर लोधीपुर पुल तक केबिल पड़ने से आए दिन ओवरलोडिंग से तार क्रैश होने की समस्या से क्षेत्रवासियों को छुटकारा मिल जाएगा। क्षेत्रीय अवर अभियंता शैलेंद्र पांडेय के अनुसार जेल रोड और इस्लामियां तिराहा से लेकर बहादुरगंज तक बंच लाइन का काम पहले ही पूरा कराया जा चुका है।
इन इलाकों में बिजली को तरस गए लोग
अंडरग्राउंड केबिल फाल्ट और सिटी पार्क सब स्टेशन को नई लाइन डाले जाने के दौरान गोविंदगंज, डीएम कंपाउंड, ऑफीसर्स कालोनी, इंदिरानगर, रूफसचरन लेन, चर्च कालोनी, सदर बाजार, कटिया टोला, तारीन बहादुरगंज, मशीनरी मार्केट, बृजविहार कालोनी आंशिक, चमकनी अंटा, बहादुरपुरा, खिरनीबाग, रोजा रेलवे कालोनी, रोजा मंडी समिति, दलेलगंज आंशिक, विजयपुर रेती, अहमदपुरा आदि क्षेत्रों में हजारों लोग सुबह से शाम तक बिजली को तरस गए।