पुवायां। ट्रैक्टर की टक्कर से युवक की मौत हो जाने के मामले में मृतक के ससुर की ओर से ट्रैक्टर नंबर के आधार पर अज्ञात चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
गौरतलब है कि तिलहर के गांव रूजवाड़ी निवासी 40 वर्षीय नीरज कुमार बाइक से रविवार रात अपने साले लखीमपुर के थाना मोहम्मदी के गांव भूड़ा पिपरी निवासी आशीष के यहां तिलक समारोह में शामिल होने जा रहे थे। रास्ते में एक ट्रैक्टर चालक ने बाइक में टक्कर मार दी थी, जिससे नीरज की मौत हो गई थी। बाइक पर बैठे नीरज के रिश्तेदार बंडा के गांव जमुनिया खानपुर निवासी सुरजीत और राहुल घायल हो गए थे। दोनों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया था।
मृतक के ससुर रामभरोसे ने दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि उसका दामाद नीरज उसके पुत्र के तिलक में घर आ रहा था। पुवायां के गांव जेबां से आगे एक ट्रैक्टर चालक ने बाइक में टक्कर मार दी, जिससे नीरज, सुरजीत और राहुल घायल हो गए। अस्पताल ले जाते समय नीरज की मौत हो गई। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।