हादसों में बालक समेत दो लोगों की मौत, एक घायल
गुवारी गांव के पास तेज रफ्तार मार्शल की चपेट में आया बालक
जहानीखेड़ा-बरबर रोड पर बाइक सवार पिता-पुत्र हादसे का शिकार
अमर उजाला ब्यूरो
शाहजहांपुर। थाना रामचंद्र मिशन क्षेत्र के गांव गुवारी में मार्शल की चपेट में आकर बालक की मौत हो गई। उधर, जहानीखेड़ा-बरबर रोड पर अज्ञात चौपहिया वाहन की चपेट में आकर लखीमपुर खीरी के बाइक सवार की मौत हो गई, जबकि उसका बेटा घायल हो गया। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
गांव गुवारी निवासी अमर सिंह का नौ वर्षीय बेटा रोहित कुमार बुधवार देर शाम गांव के बाहर शाहजहांपुर-हरदोई रोड पर परिवार के लोगों के साथ आया तभी हरदोई की ओर से तेजी से आ रही मार्शल की चपेट में रोहित आ गया। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। रोहित कक्षा पांच का छात्र था और दो बहनों व दो भाइयों में सबसे छोटा था।
उधर,दूसरा हादसा लखीमपुर खीरी के जहांनीखेड़ा-बरबर रोड पर सुहौना गांव के पास थाना पसगवां क्षेत्र के गांव लखनौरिया निवासी 40 वर्षीय प्रमोद कुमार के साथ हुआ। उनकी बाइक को अज्ञात चौपहिया वाहन ने टक्कर मार दी। इसमें उनकी मौत हो गई, जबकि उनका 16 वर्षीय बेटा ज्ञानेंद्र घायल हो गया। जिंदा होने की उम्मीद में प्रमोद को यहां जिला अस्पताल लाया गया लेकिन डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। ज्ञानेंद्र का इलाज चल रहा है। प्रमोद अपने बेटे के साथ बाइक से भोगीपुर गांव साढू़ के यहां नामकरण संस्कार में शामिल होने जा रहा था। घटना के बाद से दोनों के परिवार वालों का रो-रोकर बुरा हाल है।