डेढ़ घंटे वाहन में रखा रहा शव, परिजनों का हंगामा
चालक नहीं मिलने पर सीएमएस से भी शिकायत के दौरान हुई नोकझोंक
शाहजहांपुर। आबकारी विभाग के सिपाही का शव जिला अस्पताल की मॉर्चरी से पोस्टमार्टम हाउस ले जाए जाने के लिए डेढ़ घंटे तक वाहन में ही रखा रहा। चालक के नहीं आने पर परिजनों ने हंगामा शुरू कर दिया। सीएमएस से भी नोकझोंक हो गई। इसके बाद चालक आया और शव लेकर पोस्टमार्टम गया।
आबकारी विभाग के सिपाही विपिन मिश्रा के परिजन सोमवार दोपहर करीब एक बजे जिला अस्पताल पहुंच गए। पुलिस ने पंचनामा की कार्रवाई कर सिपाही के शव को पोस्टमार्टम ले जाने के लिए वाहन में पहुंचा दिया लेकिन चालक मौजूद नहीं था। अस्पताल प्रशासन की संवेदनहीनता का आलम यह था कि शव को ले जाने के लिए परिजनों के बार-बार विनती करने के बावजूद भी कोई चालक वहां नहीं पहुंचा। आबकारी विभाग के सदर इंस्पेक्टर सीपी सिंह भी चुपचाप खड़े रहे। बाद में करीब डेढ़ घंटे बाद उनके परिजनों के सब्र का बांध टूट गया और उन्होंने हंगामा करना शुरू कर दिया। परिजन सीएमएस एमपी गंगवार के पास पहुंचे और उनसे मामले की शिकायत की।