अलग-अलग स्थानों पर हुए हादसों में महिला समेत तीन लोगों की जान चली गई। मरने वालों में एक युवक बदायूं का है। इन हादसों में घायल हुए दो लोगों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
थाना रामचंद्र मिशन क्षेत्र के गांव गुवारी निवासी 55 वर्षीय भाईलाल शुक्रवार रात ट्रैक्टर-ट्रॉली से गन्ना लेकर चीनी मिल जा रहे थे। गांव से कुछ दूर निकलने पर वह ट्रैक्टर रोक कर उतरे और सड़क की तरफ खड़े होकर ट्रॉली से लटक रहे गन्ने को सही करने लगे। इसी बीच पीछे से आए ट्रक ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। वह ट्रॉली और ट्रक के बीच में फंस गए। इससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। ट्रक की टक्कर से ट्रॉली पलट गई। ट्रैक्टर खाई में चला गया। घटना के बाद ट्रक भी बेकाबू होकर पलट गया। चालक ट्रक छोड़कर चला गया। जानकारी मिलते ही गांव से परिवार के लोग व ग्रामीण आ गए। उन्हें जिंदा होने की उम्मीद में जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टर ने भाईलाल का मृत घोषित कर दिया। वहीं थाना मदनापुर क्षेत्र के गांव हैदलपुर के पास शुक्रवार रात करीब 10:30 बजे बदायूं के थाना अलापुर क्षेत्र के गांव खड़खौली निवासी 31 वर्षीय मोरपाल की बाइक डीसीएम और सामने से आए तांगे के बीच फंस गई। नतीजतन मोरपाल की मौत हो गई, जबकि बाइक सवार थाना तिलहर क्षेत्र के गांव हरिहरपुर निवासी 30 वर्षीय डबलेश कुमार सहित दो लोग घायल हो गए। मोरपाल मदनापुर क्षेत्र के गांव चंदौखा स्थित मामा दयाराम के घर जा रहा था। रास्ते में हादसे में उसकी मौत हो गई। बताया जा रहा है कि मोरपाल हेलमेट नहीं लगाए था। उधर, थाना मिर्जापुर क्षेत्र के गांव नूरपुर कसोरा निवासी उग्रसेन कुशवाहा की पत्नी 50 वर्षीय गुड्डी को शुक्रवार रात घर के सामने एक बाइक वाले ने टक्कर मार दी। इसमें वह घायल हो गईं। उन्हें देर रात जिला अस्पताल ले जाया गया। जहां से परिजन बरेली ले गए। शनिवार तड़के चार बजे उनकी मौत हो गई। इसके बाद परिजन शव घर ले गए। बाद में पुलिस को सूचना दी। पुलिस भी हादसे की ही बात कह रही है। शव पोस्टमार्टम को भेज दिया है।
हादसों में पांच घायल
अन्य स्थानों पर हुए हादसों में घायल मदनापुर क्षेत्र के गांव नासिर निवासी 18 वर्षीय पुष्पेंद्र, परौर के गांव कादराबाद निवासी 30 वर्षीय सुधीर, लखीमपुर खीरी के थाना मोहम्मदी क्षेत्र के गांव नकेड़ा निवासी 38 वर्षीय विपिन मिश्रा, सदर क्षेत्र के मोहल्ला चमकनी करबला निवासी 30 वर्षीय अवधेश, अल्हागंज निवासी 20 वर्षीय संतोष को भी घायल अवस्था में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।