लोकतंत्र सेनानी की पत्नी ने लगाई पेंशन की गुहार
शाहजहांपुर। शहर के मोहल्ला बाड़ूजई पेशावरी निवासी लोकतंत्र सेनानी हरनाम दास जुनेजा की मृत्यु के दो साल बाद भी उनकी पत्नी बसंत कौर पति की मंजूर सम्मान राशि के तौर पर पेंशन पाने को भटक रही हैं। उनका कहना है कि शासन ने लोकतंत्र सेनानियों के आश्रित पति/ पत्नी को पेंशन अनुमन्य की है। इसी आधार पर प्रदेश के नगर विकास मंत्री सुरेश कुमार खन्ना भी उनके पेंशन भुगतान की डीएम को संस्तुति भेज चुके हैं।
बसंत कौर के अनुसार 22 जुलाई 2015 को उनके पति की मौत हो चुकी है। इस तिथि के बाद जिन लोकतंत्र सेनानियों की मृत्यु हुई, उनकेे पात्र आश्रितों को सम्मान राशि का लाभ मिल रहा है। इस संबंध में गत वर्ष चार जुलाई को प्रदेश शासन के राजनैतिक पेंशन अनुभाग-3 के प्रमुख सचिव राजन शुक्ला के हस्ताक्षर से शासनादेश भी जारी हो चुका है।