मिर्जापुर (शाहजहांपुर)। जलालाबाद रोड पर शनिवार दोपहर गांव बीघापुर सिठौली के पास पिकअप से कुचलकर एक बालिका की मौत हो गई। बच्ची अपनी मां और पिता के साथ ननिहाल से लौट रही थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। हादसे के बाद चालक वाहन छोड़कर मौके पर भाग गया। वाहन को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है।
थाना क्षेत्र के गांव बीघापुर-सिठौली निवासी रविंद्र अपनी पत्नी चहेता देवी और छह वर्ष की पुत्री सदावती के साथ हरदोई के थाना पाली क्षेत्र के गांव खेमपुर स्थित ससुराल से लौट रहा था। गांव के सामने पत्नी और बच्ची के साथ मैजिक से उतरकर किराया दे रहा था, तभी सामने से आए लोडर वाहन पिकअप ने रोड के किनारे खड़ी उसकी छह वर्षीय पुत्री सदावती को कुचल दिया। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर खड़े लोगों के शोर मचाने पर चालक वाहन मौके पर छोड़कर भाग गया। सूचना पर पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। थानाध्यक्ष ने बताया कि दुर्घटना करने वाले वाहन को कब्जे में ले लिया गया है। घटना की तहरीर अभी नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।