जलालाबाद (शाहजहांपुर)। शिकायत में राजीनामा करने के लिए बनाए जा रहे दबाव को न मानने पर गाली गलौज करने और बेवजह नौकरी से निकाले जाने का आरोप लगाते हुए कोतवाली पहुंचे सफाईकर्मियों ने नगरपालिका कर्मियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए तहरीर दी। इस दौरान एसएसआई व सफाईकर्मियों के बीच जमकर तकरार भी हुई।
उप्र सफ ाई कर्मचारी संघ के प्रांतीय महासचिव प्रेमप्रकाश वाल्मीकि के नेतृत्व में कोतवाली पहुंचे सफाईकर्मियों की ओर से पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि वे लोग सफाईकर्मी हैं। पालिका प्रशासन ने उन लोगों को दिए जा रहे मानदेय में भारी धांधली की है। इस मामले में शिकायत पर जांच शुरू हो गई। बताया कि जांच के दौरान कार्यवाही के घेरे में आ रहे पालिका के लिपिक उन लोगों से राजीनामा करने के लिए कह रहे हैं परंतु वे लोग तैयार नही हुए। इससे नाराज आरोपी उन लोगों से जाति सूचक शब्दों के साथ गाली गलौज करते हैं। यही नहीं इसी खुन्नस में कई साथी कर्मचारियों को नौकरी से भी निकाल दिया गया। सफाईकर्मियों ने आरोपी पालिका कर्मियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने की मांग की। पुलिस ने मामले की जांच कराने की बात कहने पर सफाईकर्मी नाराज हो गए। इस दौरान उनकी पुलिस से तीखी नोंकझोंक भी हुई। एसएसआई ने बताया कि मामले की जांच होने के बाद ही आगे की कार्यवाही की जाएगी।